जशपुरराष्ट्रीय

सोशल मीडिया पर दोस्ती, वर्चुअल शादी और ब्लैकमेलिंग: ‘मैं दूर हूँ’ कहकर दोस्त को सुहागरात के लिए भेजकर, नाबालिग से दुष्कर्म कराने वाला आरोपी गोवा से गिरफ्तार..

जशपुर ज़िले की दुलदुला थाना पुलिस ने वर्ष 2021 के एक अत्यंत संवेदनशील मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। यह मामला एक नाबालिग पीड़िता को सोशल मीडिया के माध्यम से झांसे में लेने, ब्लैकमेल करने और फिर अपने साथी से दुष्कर्म कराने से संबंधित था। पुलिस ने इस मामले में घटना दिनांक से फरार चल रहे दूसरे आरोपी दिलीप चौहान (उम्र 29 वर्ष) को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला 2021 में शुरू हुआ, जब बिहार निवासी कुंदन राज नामक व्यक्ति ने एक 17 वर्षीय नाबालिग पीड़िता से मोबाइल पर दोस्ती की। प्यार और शादी का झूठा झांसा देकर, आरोपी कुंदन राज ने पीड़िता के साथ मोबाइल पर ही ‘वर्चुअल शादी’ की और ‘सुहागरात’ के नाम पर वीडियो कॉल के ज़रिए उसके अश्लील वीडियो बना लिए।
जब पीड़िता ने आरोपी की इन मांगों का विरोध किया, तो कुंदन राज ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। ब्लैकमेलिंग की इसी कड़ी में, आरोपी ने पीड़िता से एक असामान्य मांग की: चूंकि वह दूर था, इसलिए उसने अपने दोस्त दिलीप चौहान (जिसने अपना फर्जी नाम ‘दीपक यादव’ बताया था) को पीड़िता के पास शारीरिक संबंध बनाने के लिए भेजा। वीडियो वायरल होने के डर से भयभीत पीड़िता, अक्टूबर 2021 में दिलीप चौहान द्वारा दुष्कर्म का शिकार हुई, जिसे कुंदन राज वीडियो कॉल के माध्यम से देख रहा था। अंततः, जब आरोपी ने पीड़िता के अश्लील वीडियो उसकी बड़ी बहन को भेज दिए, तो पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपनी दीदी के साथ थाना दुलदुला में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने तत्काल आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस ने वर्ष 2022 में ही मुख्य आरोपी कुंदन राज को पटना, बिहार से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसका साथी दिलीप चौहान घटना के बाद से लगातार फरार था। पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से पता चला कि शातिर आरोपी दिलीप चौहान बार-बार ठिकाने बदल रहा था और अंतिम बार गोवा में छिपा हुआ था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने लगातार ट्रेसिंग करते हुए, अंततः फरार आरोपी दिलीप चौहान को कुनकुरी क्षेत्र से धर दबोचा। पुलिस ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता से पहचान की कार्यवाही कराई, जिसमें उसने आरोपी दिलीप चौहान को पहचान लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त सबूत पाए जाने के बाद आरोपी दिलीप चौहान को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button