कांग्रेस विधायक के घर रात में अचानक फायरिंग….सुरक्षा में तैनात जवान ने चलाई गोली

नरेंद्र मिश्रा बलरामपुर ब्यूरो
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस विधायक के घर रात में अचानक फायरिंग होने से हड़कंप मच गया है। रामानुजगंज से कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह के घर रात 6 जुलाई की यह घटना है। लेकिन इस घटना की खबर आज सार्वजनिक हुई है। इस घटना के बाद अफरा तफरी का माहौल भी बना, लेकिन किसी भी तरह की हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।
एसपी रामकृष्ण साहू के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि फायरिंग करने वाला पुलिस का जवान है। वह 10वीं बटालियन का जवान विधायक के घर सुरक्षा में तैनात था। घटना की रात जवान शराब के नशे में था। नशे की हालत में उसने लापरवाहीपूर्वक ड्यूटी करते हुए फायरिंग की थी। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
आपको बता दें की लापरवाही बरतने वाले जवान की जानकारी 10वीं बटालियन को दे दी गई है। बटालियन की ओर से उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद आईजी ने भी इसे मिसफायर करार दिया है, यानी गलती से गोली चली है। जो भी हो, इस घटना को सुरक्षाकर्मी की लापरवाही मानी जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक जिस रात यह घटना हुई विधायक घर में मौजूद नहीं थे, लेकिन उनका परिवार घर पर मौजूद था।