शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण मामले में ग्रामीण पहुचे तहसील कार्यालय, एसडीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

लखनपुर विकासखंड अंतर्गत राजस्व ग्राम पंचायत तुरना में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने के मामला सामने आया है जहाँ ग्राम पंचायत में ग्राम सभा के बाद अतिक्रमण रोके जाने की मांग लिए आज करीब 50 से 60 की संख्या में ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुचे एसडीएम के नाम तहसीलदार अमन चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंप उचित कार्यवाही की मांग की गई।इस दौरान ग्रामीण अवैध अतिक्रमण को लेकर ग्रामीण काफ़ी उग्र नजर आए तथा लगातार कार्यवाही की मांग करते दिखायी दिए। ग्रामीणों का कहना था की ग्राम के शासकीय भूमि पर ग्राम के ही कुछ लोगो के द्वारा अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है जहाँ जंगल और राजस्व की भूमि पर भी जबरन अतिक्रमण का खेल जारी है। लोग जंगल और राजस्व की भूमि पर अतिक्रमण करके घर बनाने में लगे हुए हैं जिससे ग्रामीणों के समक्ष गाय बेल चराने तथा पंचायत संबंधित विकास कार्यों के लिए जगह की समस्या उत्पन्न हो रही है। अगर अतिक्रमण को समय रहते नहीं रोका गया तो आने वाले दिनों में लोगो को काफ़ी समस्याएं होंगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
फिलहाल इस मामले में तहसीलदार लखनपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पंचायत को अतिक्रमणकारियों के खिलाफ तीन नोटिस देकर आगे की कार्यवाही पंचायत के माध्यम से किए जाने की बात कही है।
अब देखना होगा कि पंचायत इस विषय में अब बताए गए रास्ते अनुसार अतिक्रमण कर रहे लोगो के खिलाफ किस तरह का रूख अपनाती है या फिर ये मामला बड़े स्तर पर एक नए विवाद का कारण बनता है। ज्ञापन सौंपने के दौरान सरपंच भावना सिंह , उपसरपंच पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




