अंबिकापुर: डेली निड्स की आड़ में चल रहा था आधुनिक नशे का काला कारोबार, 55 हजार के प्रतिबंधित ई-सिगरेट के साथ संचालक गिरफ्तार..

अंबिकापुर: युवाओं को आधुनिक नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले प्रतिबंधित ई-सिगरेट (Vape) के अवैध कारोबार के खिलाफ थाना गांधीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने धड़ल्ले से चल रहे इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए एक डेली निड्स संचालक को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से कुल 55 हजार रुपए का माल जप्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई:
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 21 जुलाई 2026 को थाना गांधीनगर पुलिस टीम जुर्म जरायम पतासाजी हेतु सुभाषनगर, बनारस रोड की ओर रवाना हुई थी। भ्रमण के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि बनारस रोड गांधीनगर वार्ड नंबर 10 स्थित ‘आयुषी डेली निड्स पान कार्नर’ का संचालक प्रांशु केसरी अपनी दुकान में प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (E-Cigarette/Vape) का अवैध रूप से भंडारण कर युवाओं को बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दुकान की घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान आरोपी की दुकान से 35 नग इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (कुल कीमत लगभग 52,500 रुपये) और 3,000 रुपये नगद बरामद हुए। पुलिस द्वारा आरोपी को उक्त सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज या अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया, किंतु वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
आरोपी का यह कृत्य ‘इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम 2019’ की धारा 4 का उल्लंघन होने तथा धारा 7 एवं 8 के अंतर्गत दंडनीय अपराध पाए जाने के साथ-साथ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी से वैध अनुज्ञप्ति प्राप्त किए बिना व्यवसाय करने के कारण धारा 223 बी.एन.एस. के तहत अपराध साबित हुआ। इस पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 466/26 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
डीआईजी एवं एसएसपी की अपील:
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने भावी पीढ़ी को नशे की खतरनाक लत से बचाने और इसके प्रति समाज को जागरूक करने की बात कही है। उन्होंने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों, प्रधानाचार्यों, प्राचार्यों, संचालकों और छात्र-छात्राओं के परिजनों/संरक्षकों से विशेष अपील जारी करते हुए कहा है कि ई-सिगरेट और फ्लेवर लिक्विड की लत युवा पीढ़ी को खोखला कर रही है। इसके दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को सचेत करना बेहद आवश्यक है। इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने और इस प्रतिबंध को धरातल पर पूर्ण रूप से लागू करने में समाज का सहयोग अनिवार्य है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या सार्थक सूचना मिलने पर नागरिक कंट्रोल रूम के नंबर 9479193599 अथवा डायल 112 पर अपनी शिकायत या सूचना तुरंत दर्ज करा सकते हैं।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक भारतीय मार्कण्डेय, विवेक चंद्राकर और सहायक उप निरीक्षक वरदान लकड़ा सक्रिय रहे।





