रामानुजगंज विधानसभा के विकास को नई उड़ान: तामेश्वर नगर (आरागाही) हवाई पट्टी के उन्नयन की दिशा में बड़ा कदम।

बलरामपुर/रामानुजगंज:- छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र स्थित तामेश्वर नगर (आरागाही) हवाई पट्टी को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्री रामविचार नेताम के सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।
इसी क्रम में आज छत्तीसगढ़ शासन के चीफ पायलट कैप्टन देवेंद्र सचान, टेक्निकल एडवाइजर (एविएशन) अनिल कुमार राय तथा कैप्टन ओंकार तिवारी सहित विशेषज्ञ अधिकारियों की टीम ने लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ तामेश्वर नगर (आरागाही) हवाई पट्टी का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों तथा भविष्य में हवाई संचालन की संभावनाओं का गहन परीक्षण किया गया। चीफ पायलट कैप्टन देवेंद्र सचान ने स्वयं कई बार फोर-व्हीलर वाहन चलाकर पूरी हवाई पट्टी का परीक्षण किया तथा उसके गुण-दोषों का तकनीकी मूल्यांकन करते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं उन्नयन के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने हवाई पट्टी की लंबाई बढ़ाने,आवश्यक तकनीकी सुविधाएं विकसित करने तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। विशेषज्ञ अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक तकनीकी सुधार पूर्ण होने के बाद इस तामेश्वर नगर (आरागाही) हवाई पट्टी का उपयोग प्रारंभिक रूप से शासकीय विमान तथा एयर एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए किया जा सकेगा।
भविष्य में इसे नियमित हवाई यातायात के अनुरूप विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। अधिकारियों ने लगभग 15 वर्ष पूर्व निर्मित इस हवाई पट्टी की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में यह क्षेत्र के विकास का नया द्वार खोल सकती है तथा आगे चलकर इसे कमर्शियल एयरपोर्ट के रूप में भी विकसित किए जाने की पर्याप्त संभावनाएं हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर, तहसीलदार,लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता जयप्रकाश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, अश्वनी गुप्ता, सिद्धांत यादव, कमल मंडल, कर्णधर राय, गौरव राज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।

क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि तामेश्वर नगर (आरागाही) हवाई पट्टी का शीघ्र उन्नयन कर हवाई सेवाएं प्रारंभ होती हैं, तो रामानुजगंज विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ में व्यापार,पर्यटन,निवेश,चिकित्सा सुविधाओं और आपदा प्रबंधन को नई गति मिलेगी।





