छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की पहल: सरगुजा संभाग में पर्यटन बढ़ाने पहुंचे टूर ऑपरेटर, अंबिकापुर के होटलों की देखीं व्यवस्था

अम्बिकापुर / सरगुजा क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा एक विशेष पहल की गई है। इस पहल के तहत देश के अलग-अलग राज्यों से आए टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स (फेम ट्रिप) को अंबिकापुर लाया गया। यहाँ उन्होंने स्थानीय होटलों का दौरा किया और पर्यटकों के ठहरने व अन्य सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया, ताकि वे भविष्य में बाहर से आने वाले सैलानियों को यहाँ भेज सकें।
भ्रमण के दौरान टूर ऑपरेटर्स की टीम सबसे पहले अंबिकापुर के होटल ‘पर्पल आर्किड’ पहुंची। यहाँ टीम ने कमरों की व्यवस्था, खान-पान की सुविधा और बैंक्वेट हॉल का निरीक्षण किया।
इसके बाद दोपहर को यह टीम होटल ‘माखन विहार’ गई। वहां भी उन्होंने पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाओं को करीब से देखा। दोनों ही जगहों पर होटल संचालकों ने मेहमानों को अपनी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
होटल भ्रमण के बाद आयोजित एक बैठक में टूर ऑपरेटर्स और स्थानीय होटल संचालकों के बीच बातचीत हुई। इस दौरान सरगुजा के प्रमुख पर्यटन स्थलों, यहाँ के प्राकृतिक और ऐतिहासिक महत्व और पर्यटकों को दी जाने वाली सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। ट्रैवल एजेंट्स ने इस क्षेत्र में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अपने जरूरी सुझाव भी साझा किए।
दौरे पर आए ट्रैवल एजेंट्स ने अंबिकापुर के होटलों में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। उनका कहना था कि सरगुजा में प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर की कमी नहीं है, और रहने की अच्छी व्यवस्था होने से आने वाले समय में यहाँ पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड का मानना है कि इस तरह के दौरों से स्थानीय होटल व्यवसाय और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।



