बलरामपुर पुलिस और ओडिशा STF की बड़ी संयुक्त कार्रवाई: 16 करोड़ की गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, ओडिशा से 4 और अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की बसंतपुर पुलिस और ओडिशा एसटीएफ (STF) भुवनेश्वर की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ‘एंड टू एंड’ कार्रवाई करते हुए ओडिशा राज्य से तस्करी सिंडिकेट में शामिल 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस मामले में 5 आरोपी पहले ही सलाखों के पीछे भेजे जा चुके हैं। गिरफ्तार किए गए नए आरोपियों में दुर्वाशा साहु (उम्र 46 वर्ष, निवासी टिकरा पाड़ा), सुबुधी साहु (उम्र 40 वर्ष, निवासी बड़छापपली), अरुणकुमार राना (उम्र 34 वर्ष, निवासी टिकरापाड़ा) और प्रकाश खटुआ (उम्र 35 वर्ष, निवासी बड़छापपली) शामिल हैं, जो सभी ओडिशा के बौध जिला अंतर्गत थाना कंटामाल क्षेत्र के रहने वाले हैं। इन आरोपियों पर पूर्व में बसंतपुर पुलिस द्वारा जब्त किए गए करीब 16 करोड़ रुपये कीमत के 3139.570 किलोग्राम (लगभग 31 क्विंटल) अवैध गांजे की खेप को ट्रकों में लोड कराने का आरोप है।
पुलिस विवेचना और पूछताछ में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से तस्करी को अंजाम दे रहा था। पूर्व में गिरफ्तार उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी लोकेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक में लगे जीपीएस (GPS) लोकेशन के माध्यम से ओडिशा के सोनपुर स्थित ‘लोपा ढाबा’ के पास गाड़ी खड़ी करता था और फिर ‘जांगी ऐप’ के जरिए स्थानीय तस्करों से संपर्क करता था। इसके बाद ओडिशा के ये स्थानीय आरोपी रात के अंधेरे में पिकअप वाहनों से गांजा लाकर ट्रकों में लोड करते थे। ओडिशा एसटीएफ द्वारा एक अन्य मामले में पकड़े गए आरोपी निलाम्बर कंहार से मिली इनपुट के बाद, बसंतपुर पुलिस ने न्यायालय रामानुजगंज से प्रोडक्शन वारंट जारी कराकर इन चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। न्यायालय की अनुमति से कराई गई पहचान कार्रवाई में पहले से जेल में बंद आरोपियों ने इनकी शिनाख्त की, जिसके बाद चारों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस बड़ी सफलता पर बलरामपुर पुलिस अधीक्षक ने तस्करों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस की यह कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





