लखनपुर

दिव्यांग महिला की पीट-पीटकर हत्या के बाद शव फंदे पर लटकाने का आरोप, न्याय की गुहार लेकर सरगुजा SP कार्यालय पहुंचे मायके वाले

लखनपुर ।सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुन्नी पुलिस चौकी के ग्राम कोटबर्रा से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक जन्म से दिव्यांग महिला की संदेहास्पद मौत के बाद मायके पक्ष ने पति पर लाठी से पीट-पीटकर हत्या करने और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटकाने का संगीन आरोप लगाया है। कुन्नी चौकी पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई न किए जाने से नाराज होकर पीड़िता के भाई ने सरगुजा पुलिस अधीक्षक (SP) से लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।

सरगुजा पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार, आवेदक विशाल राम (पिता सुदन राम), निवासी ग्राम सकरिया (चौकी कुन्नी, थाना लखनपुर) ने बताया कि उसकी बहन पावरों (पिता सुधन मझवार) जन्म से दिव्यांग थी। उसका विवाह लगभग 17 वर्ष पूर्व ग्राम कोटबर्रा निवासी कृष्णा पैकरा से हुआ था।
शिकायत के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद कोटबर्रा गांव का ही रहने वाला अमरुद मझवार, पावरों को भगाकर अपने घर ले गया और उसे अपनी पत्नी बनाकर दोनों साथ रहने लगे।
आवेदक विशाल राम का आरोप है कि बीती 11 जुलाई को दोपहर लगभग 3 बजे अमरुद मझवार ने पावरों को अपने घर की बाड़ी (आंगन) में लाठी से बेदम मारना शुरू कर दिया। वह लाठी से उसके हाथ, पैर, पीठ और गले पर लगातार वार करते हुए उसे घर की तरफ दौड़ा रहा था। इस क्रूरता को अमरुद मझवार के पड़ोसी मनेष मझवार और कांता मझवार ने अपनी आंखों से देखा है।
आरोप के अनुसार, अमरुद मझवार अपनी दिव्यांग पत्नी पावरों को मारते-पीटते हुए घर के कमरे के अंदर ले गया और वहाँ उसे इतनी बेरहमी से पीटा कि चोटों के कारण कमरे के भीतर ही उसकी मौत हो गई।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि जब कमरे के अंदर पावरों की मौत हो गई, तो आरोपी अमरुद मझवार ने इस जघन्य हत्याकांड को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची। उसने कमरे की छत में लगे लकड़ी के मयार में नीले रंग की साड़ी से एक फंदे का गांठ बांध दिया।
इसके बाद उसने पड़ोस के मनेश मझवार, सहदेव पैकरा और गांव के अन्य लोगों को अपने घर बुलाकर लाया और झूठी कहानी रचते हुए कहा कि— पावरों ने कमरे के मयार में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली है। लोगों के सामने ही अमरुद ने खुद साड़ी का फंदा खोलकर शव को नीचे उतारा

पीड़ित भाई विशाल राम ने बताया कि इस खौफनाक वारदात के बाद वह तुरंत मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराने कुन्नी पुलिस चौकी पहुंचा। लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाने के बजाय टालमटोल किया और आवेदक से कहा कि— “पहले अमरुद मझवार को पूछताछ के लिए बुलाएंगे, उसके बाद ही रिपोर्ट लिखी जाएगी।”
घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी जब कुन्नी पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो थक-हारकर पीड़ित परिवार 14 जुलाई मंगलवार को अम्बिकापुर स्थित जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। मायके वालों ने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर आरोपी अमरुद मझवार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button