अम्बिकापुर

अम्बिकापुर : जागरूक युवक की सतर्कता से मवेशी चोर गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार, 30 लाख का सामान जब्त

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर शहर में सक्रिय एक संगठित मवेशी चोर गिरोह के विरुद्ध थाना कोतवाली और साइबर सेल की टीम ने बड़ी वैधानिक कार्यवाही की है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के 07 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 06 रास मवेशी, 12,750 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त 03 पिकअप वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है। इस गिरोह का पर्दाफाश प्रार्थी ऋषिकेश मिश्रा की सजगता के कारण हुआ, जिन्होंने 4 जनवरी की रात करीब 11:30 बजे नमनाकला रिंग रोड पर आरोपियों को पिकअप वाहनों में क्रूरतापूर्वक मवेशी लोड करते देख लिया था। प्रार्थी ने साहस दिखाते हुए न केवल वाहनों के नंबर (JH 07 M 3169, JH 01 FP 1270) नोट किए बल्कि भाग रहे आरोपियों का अपनी कार से पीछा भी किया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई, जिससे पूर्व में गांधीनगर निवासी सुशीला यादव के घर के सामने से स्कॉर्पियो में हुई गाय की चोरी और केदारपुर निवासी परमानन्द तिवारी की 02 देसी गायों की चोरी के अनसुलझे मामलों की कड़ियां भी इस गिरोह से जुड़ गईं।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रनपुरखुर्द बस्ती के पास पानी टंकी के पास कुछ लोग पिकअप वाहनों में मवेशी लोड कर रहे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से 07 आरोपियों को पकड़ा, जिनकी पहचान अजहर खान (22 वर्ष), शोएब शाह (23 वर्ष), जुनैद आलम (23 वर्ष), अफसार (25 वर्ष), तकिर खान (43 वर्ष), आदम शाह (30 वर्ष) और रेफाज खान (26 साल) के रूप में हुई है, जो सभी जशपुर जिले के साई टांगरटोली के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अम्बिकापुर शहर के बाहर बंधे और खुले में विचरण कर रहे मवेशियों को निशाना बनाकर उन्हें चोरी करते थे और झारखंड के मवेशी बाजारों में ऊंचे दामों पर बेच देते थे। उन्होंने पूर्व में गांधीनगर और कोतवाली क्षेत्र में स्कॉर्पियो वाहन किराये पर लेकर की गई चोरियों की बात भी कबूली है। पुलिस ने जप्त मवेशियों को सुरक्षित गौ सेवा मण्डल सरगुजा के सुपुर्द कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच आईसीजेएस पोर्टल के माध्यम से करने पर पाया गया कि आरोपी अजहर खान एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध लखनपुर, बागबहार और बगीचा थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इसी तरह आरोपी जुनैद आलम के विरुद्ध लोदाम चौकी में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत पूर्व में कार्यवाही की जा चुकी है। आरोपियों के इस संगठित अपराध को देखते हुए पुलिस ने मामले में धारा 111 बी.एन.एस. (संगठित अपराध) को भी जोड़ा है और सभी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया है। इस पूरी कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी अजित कुमार मिश्रा, सउनि मनोज सिंह, विवेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अजय पांडे, भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह और आरक्षक मनीष सिंह, राहुल केरकेट्टा, जीतेश साहू, नितिन सिन्हा, विवेक राय, अतुल सिंह, अमरेश दास, दीपक पाण्डेय की सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button