आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा: सरगुजा जिले के 38 केंद्रों पर 15,000 से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) रायपुर द्वारा 27 जुलाई 2025 को आयोजित होने वाली आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा (एबीए25) के लिए सरगुजा जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह परीक्षा जिले के कुल 38 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 15,819 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
आज शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर विलास भोसकर ने परीक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो, परीक्षा नोडल अधिकारी, जिला समन्वयक, पर्यवेक्षक और उड़नदस्ता दल के सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर विलास भोसकर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और व्यापमं द्वारा जारी गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। उड़नदस्ता दलों को पूरी प्रक्रिया के दौरान सक्रिय रहने और परीक्षा केंद्रों के बाहर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। उड़नदस्ते और नोडल अधिकारी समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण भी करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा केंद्रों में सुदृढ़ सुरक्षा हो। परीक्षार्थियों की जांच के समय सभी निर्देशों का पालन किया जाए और महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अनिवार्य रूप से महिला कर्मचारियों की तैनाती की जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर फ्रिस्किंग की प्रक्रिया पूर्ण रूप से लागू होगी और मोबाइल, ब्लूटूथ डिवाइस जैसे किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को परीक्षा केंद्र में लाने की अनुमति नहीं होगी। एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि प्रत्येक पर्यवेक्षक के साथ एक पुलिस जवान मौजूद रहेगा और प्रत्येक परीक्षा केंद्र में दो-दो जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश:
परीक्षार्थियों को व्यापमं द्वारा जारी निम्नलिखित आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा:
* समय पर पहुंचें: परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें ताकि फ्रिस्किंग और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
* प्रवेश द्वार बंद होने का समय: परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पहले, यानी सुबह 10:45 बजे, परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा।
* पहनावा: परीक्षार्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आएं। फुटवियर के रूप में चप्पल पहनें और कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है।
* वर्जित वस्तुएं: परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी इत्यादि ले जाना पूर्णतः वर्जित है।
* निकास प्रतिबंध: परीक्षा प्रारंभ होने से आधे घंटे पहले और परीक्षा समाप्त होने के आधे घंटे बाद तक बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।
* आवश्यक दस्तावेज: परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र के रूप में मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, या आधार कार्ड (जिसमें अभ्यर्थी का फोटो हो) का एक मूल पहचान पत्र परीक्षा दिवस में परीक्षा केंद्र में लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
* प्रवेश पत्र के निर्देश: परीक्षार्थियों को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा जारी प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का भलीभांति अध्ययन कर उनका आवश्यक रूप से पालन करने को कहा गया है।


