नक्सली बनकर बंदूक की नोक पर 2 लाख की लूट का मास्टरमाइंड बिहार से गिरफ्तार: कई संगीन वारदातों में था फरार

बलरामपुर-रामानुजगंज,: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के थाना चलगली अंतर्गत मानपुर गांव में वर्ष 2022 में हुई सनसनीखेज लूटपाट का मास्टरमाइंड, आगर साय उर्फ सुनील को बिहार राज्य के रोहतास जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और अपनी पहचान छिपाकर वेश-भूषा बदलकर रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त भरमार बंदूक भी बरामद की है।
मामले का विवरण
दिनांक 13 जनवरी 2022 को प्रार्थी कमलेश गुप्ता ने थाना चलगली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 जनवरी 2022 की रात करीब 09-10 बजे 5-6 अज्ञात नकाबपोश बंदूकधारी व्यक्ति उनके घर में घुस आए। उन्होंने खुद को नक्सली गिरोह का सदस्य बताकर कमलेश गुप्ता को डराया-धमकाया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और 2,20,000/- रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
इस मामले में थाना चलगली में अपराध क्रमांक 04/2022 धारा 395, 120 (बी) भादवि और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। चलगली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूर्व में सात आरोपियों – प्रवीण खेस्स उर्फ नेपाली, संजय चक्रधारी, लालबाबू उर्फ सोनू उर्फ उमाशंकर चक्रधारी, रामबरत अगरिया, सुन्दरलाल साहू, मुखलाल यादव और विष्णु गुप्ता – को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, इस घटना का मास्टरमाइंड आगर साय उर्फ सुनील घटना के बाद से ही गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा था।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी
थाना प्रभारी चलगली, निरीक्षक बृजलाल भारद्वाज के नेतृत्व में साइबर सेल बलरामपुर की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसे आरोपी की तलाश में झारखंड और बिहार राज्यों में रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने लगातार कड़ी मेहनत करते हुए, लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात आरोपी आगर साय को बिहार राज्य के रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
आरोपी का खुलासा
आरोपी रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन में अपना नाम बदलकर एक दुकान में काम कर रहा था और खुद को पलामू का रहने वाला बता रहा था। पूछताछ के दौरान, आरोपी ने नक्सली वेशभूषा धारण कर चलगली के मानपुर में लूटपाट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त भरमार बंदूक भी जब्त कर ली गई है।
आगर साय के खिलाफ दर्ज अन्य आपराधिक मामले
आरोपी आगर साय के विरुद्ध थाना चलगली के अलावा जिले के अन्य थानों और दीगर जिला सूरजपुर में भी मारपीट, लूटपाट, हत्या के प्रयास आदि जैसे कई संगीन अपराध दर्ज हैं, जिनमें वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध दर्ज आपराधिक प्रकरण निम्नानुसार हैं:
थाना कुसमी में अपराध क्रमांक 105/21 धारा 147, 148, 149, 452, 506, 384, 120बी भादवि।
थाना रामचंद्रपुर में अपराध क्रमांक 33/2008 धारा 147, 148, 149, 353, 186, 307, 427 भादवि 25,27 आर्म्स एक्ट, एवं 3, 5 विस्फोटक पदार्थ अधि।
थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 43/2015 धारा 147, 148, 149, 342, 363, 368, 395, 458, 506 भादवि एवं 25,27 आर्म्स एक्ट।
थाना चांदनी बिहारपुर, जिला सूरजपुर में अपराध क्रमांक 36/2015 धारा 384 भादवि, धारा 25 आर्म्स एक्ट, एवं धारा 4 छत्तीसगढ़ राज्य विशेष जन सुरक्षा अधिनियम।
इस संपूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक बी.एल. भारद्वाज (थाना प्रभारी चलगली), उप निरीक्षक सुबल सिंह, प्रधान आरक्षक नागेंद्र पांडे, आरक्षक संजय जायसवाल, आरक्षक राजकिशोर पैकरा, और आरक्षक राजकुमार मरकाम का सराहनीय योगदान रहा है।





