भीषण सड़क दुर्घटना मे 13 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया,मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपए तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की सहायता राशि

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से 40 किलोमीटर दूर खरोरा के पास बीती रात डेढ़ बजे के आस-पास भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं बड़ी संख्या में लोग घायल हैं।हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा खरोरा-बलौदा बाजार रोड पर उस समय हुआ जब माजदा वाहन में सवार होकर लोग बच्चों के जन्मोत्सव कार्यक्रम से लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माजदा वाहन जैसे ही खरोरा क्षेत्र में पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही 13 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में 9 महिलाएं, 2 बच्चियां, 1 बच्चा और 6 माह की एक शिशु शामिल हैं। हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मेडिकल कॉलेज रायपुर में भर्ती कराया गया है, जहां पर सभी का इलाज चल रहा है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है।
मृतकों की सूची इस प्रकार…
1. एकलव्य साहू (6 वर्ष), ग्राम मोहंदी
2. कुमारी भूमि साहू, ग्राम आनंदगांव
3. उमंग साहू (4 माह)
4. गीता साहू, ग्राम मोहंदी
5. प्रभा साहू, ग्राम मोहंदी
6. नंदनी साहू, ग्राम मोहंदी
7. टिकेश्वरी साहू, ग्राम चटोद
8. कृति साहू, ग्राम चटोद
9. टिकेश्वरी साहू, ग्राम मनहोरा
10. कुंती साहू, ग्राम चटोद
11. महिमा साहू (18 वर्ष), गोंडवारा खमतराई
12. वर्षा साहू (27 वर्ष), बेरला
13. राजबती साहू (60 वर्ष), नगपुरा मंदिर हसौद
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने खरोरा क्षेत्र में हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। इस दुखद घटना में 13 लोगों की मृत्यु तथा 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खरोरा में हुए भीषण सड़क हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने घायलों के समुचित उपचार हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपए तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने जिला प्रशासन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।




