अम्बिकापुर

शासकीय आईटीआई अंबिकापुर में उद्यमिता जागरूकता एवं संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन

संविधान की गौरवशाली यात्रा पर हुई चर्चा, प्रश्नमंच में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग

अंबिकापुर- शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) अंबिकापुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आज 26 नवंबर को एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम एवं संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्वरोजगार, वित्तीय प्रबंधन तथा भारतीय संविधान के महत्व से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था के प्राचार्य चंदेश्वर सिंह पैकरा थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एमएसएमई के सहायक निदेशक श्री अजय राव, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक श्री आदित्य अग्रवाल तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के सहायक संचालक श्री संदीप पन्ना उपस्थित रहे।

प्राचार्य चंदेश्वर सिंह पैकरा ने अपने प्रभावी उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों, समानता और सामाजिक न्याय का आधार है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा संविधान अंगीकृत किया जाना और 26 जनवरी 1950 को इसका लागू होना भारत के लोकतांत्रिक इतिहास की अत्यंत महत्वपूर्ण यात्रा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि संविधान में निहित मूल्यों को केवल पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने आचरण और जीवन में उतारना भी आवश्यक है।

उन्होंने आगे कहा कि आज के तकनीकी युग में आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों के सामने रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वयं का उद्यम स्थापित करने के भी व्यापक अवसर हैं। कौशल के साथ सही सोच, परिश्रम, अनुशासन, नवाचार और आत्मविश्वास जुड़ जाएं तो युवा न केवल अपने लिए रोजगार का सृजन कर सकते हैं, बल्कि दूसरों को भी रोजगार देने वाले बन सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नौकरी की तलाश करने के साथ-साथ रोजगार देने वाला उद्यमी बनने की दिशा में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उद्यमिता जागरूकता सत्र में एमएसएमई के सहायक निदेशक अजय राव ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की संभावनाओं तथा उद्यम स्थापना से संबंधित जानकारी दी। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक श्री आदित्य अग्रवाल ने बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय लेन-देन, ऋण प्रक्रिया एवं उद्यम संचालन में बैंक की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के सहायक संचालक श्री संदीप पन्ना ने विभागीय योजनाओं, उद्योग स्थापना की प्रक्रिया तथा स्वरोजगार के लिए विभाग से मिलने वाले मार्गदर्शन एवं सहयोग की जानकारी दी।

संविधान दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत 26 नवंबर 1949 से 26 जनवरी 1950 तक की संविधान निर्माण यात्रा, संविधान सभा की भूमिका, प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर संविधान विषय पर प्रश्नमंच प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें एनएसएस के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी संवैधानिक समझ एवं सामान्य ज्ञान का परिचय दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों में संवैधानिक जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें कौशल आधारित स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशिक्षण अधिकारी शैलेन्द्र सिन्हा, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शब्बीर आलम, राजपति मेहता, दिलीप बरेठ, सुमित दुबे, नरेश साहू, पवन द्विवेदी, जयसंत कुशवाहा, नरेंद्र चंद्रवंशी सहित संस्था के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में संविधान के प्रति सम्मान, नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की उद्यमशील भूमिका का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button