लखनपुर प्री मैट्रिक छात्रावास के बच्चों से कराया जा रहा था मजदूरी निर्माण कार्य के लिए गिट्टी-बालू ढोते दिखे छात्र
लखनपुर लखनपुर पढ़ाई के लिए प्री मैट्रिक छात्रावास में रह रहे स्कूली छात्रों से निर्माण कार्य में मेहनत कराए जाने का मामला सामने आया है। मामले से जुड़ी तस्वीरों में छात्रावास में रहने वाले कुछ बच्चे गिट्टी-बालू ढोते, फावड़े से खुदाई करते और निर्माण सामग्री एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरें सामने आने के बाद छात्रावास की व्यवस्था और बच्चों से कराए जा रहे कार्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि ये बच्चे ग्राम पंचायत अरगोती अन्य क्षेत्र के रहने वाले हैं और शिक्षा के लिए लखनपुर के प्री मैट्रिक छात्रावास में रह रहे हैं। इनमें स्वामी आत्मानंद विद्यालय सहित अन्य शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी शामिल बताए जा रहे हैं। छात्रावास में रहने वाले इन बच्चों का उद्देश्य पढ़ाई करना है, लेकिन सामने आई तस्वीरों में उन्हें निर्माण कार्य से जुड़े काम में लगाया गया दिखाई दे रहा है।
मामले को लेकर जब छात्रावास में रहने वाले बच्चों से बातचीत की गई और उनसे पूछा गया कि उन्हें यह काम करने के लिए किसने कहा, इस दौरान बच्चों ने छात्रावास के अधीक्षक रूपनारायण पैकरा का नाम भी बताया।
विभागीय जांच होना जरूरी है। बच्चों के बयान के आधार पर यह सवाल उठ रहा है कि आखिर छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को निर्माण कार्य में लगाने का निर्देश किसके स्तर से दिया गया और क्या इसकी जानकारी छात्रावास प्रबंधन को थी
छात्रावास में रहने वाले बच्चे शिक्षा प्राप्त करने के लिए वहां रह रहे हैं। ऐसे में उनसे गिट्टी-बालू ढुलवाने या निर्माण स्थल पर शारीरिक मेहनत कराने को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। निर्माण स्थल पर गिट्टी, फावड़े और अन्य सामग्री के बीच बच्चों से काम कराया जाना उनकी सुरक्षा के लिहाज से भी चिंता का विषय है।
प्री मैट्रिक छात्रावास अधीक्षक-
रूपनारायण सिंह पैकरा इस संबंध में बताया शौचालय का रिपेयरिंग काम है मैं भी काम कर रहा था बच्चों से करा रहा था मजदूर नहीं मिलते हैं आगे से ध्यान रखा जाता नहीं करूंगा।





