मौसीबाड़ी से आज अपने धाम लौटेंगे महाप्रभु जगन्नाथ, अंबिकापुर में “बहुदा यात्रा” को लेकर तैयारियां पूरी

अंबिकापुर। नौ दिनों तक अपनी मौसी के घर प्रवास करने के पश्चात भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु, बड़े भाई भगवान बलभद्र जी और माता सुभद्रा जी शुक्रवार को पुनः अपने मुख्य धाम श्री मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। इस पावन ‘बहुदा यात्रा’ (वापसी यात्रा) को लेकर सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के श्रद्धालुओं में विशेष श्रद्धा और उमंग का माहौल है। शुक्रवार दोपहर 1:00 बजे दुर्गा बाड़ी स्थित मौसीबाड़ी से भगवान के दिव्य रथ को नगर भ्रमण कराते हुए श्री मंदिर के लिए रवाना किया जाएगा।
परंपरानुसार आयोजित होने वाले इस प्रसिद्ध उत्सव के तहत महाप्रभु पिछले नौ दिनों से दुर्गा बाड़ी स्थित मौसीबाड़ी में विराजमान थे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नौ दिवसीय प्रवास पूर्ण होने के बाद आज पारंपरिक विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ तीनों विग्रहों को दिव्य रथ पर विराजमान कराया जाएगा। इसके पश्चात श्रद्धालु जयकारों के साथ महाप्रभु के रथ को खींचते हुए श्री मंदिर की ओर ले जाएंगे।
आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए श्री श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति, अंबिकापुर के पदाधिकारियों ने नगर एवं आसपास के समस्त श्रद्धालुजनों से सपरिवार इस पावन अवसर पर उपस्थित होने की अपील की है। समिति ने बताया कि दोपहर में प्रस्थान के दौरान श्रद्धालु महाप्रभु के दिव्य दर्शन एवं रथ खींचकर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, यात्रा के उपरांत संध्या बेला में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए भव्य महाप्रसाद वितरण का आयोजन भी रखा गया है।





