अम्बिकापुर

अंबिकापुर: गांधी चौक के पास बड़ा हादसा, सड़क के गड्ढे के कारण बाइक से गिरकर महिला ट्रक के नीचे आई, हाथ कटकर अलग हुआ

अंबिकापुर | अंबिकापुर के गांधी चौक के पास गुरुवार दोपहर को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक महिला अपने रिश्तेदार के साथ बाइक पर जा रही थी, तभी सड़क पर बने एक गहरे गड्ढे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया। महिला सड़क पर गिर पड़ी और पास से गुजर रहे ट्रक के पहिए के नीचे आ गई। इस हादसे में महिला का दाहिना हाथ बुरी तरह कुचल गया और कटकर शरीर से अलग हो गया। गनीमत रही कि ट्रक ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगा दिया, जिससे महिला की जान बच गई। घायल महिला को इलाज के लिए पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चश्मदीदों के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 3:00 बजे हुआ। महिला बाइक पर सवार होकर गांधी चौक से गुजर रही थी। उसी समय एक ट्रक भी वहां से धीरे-धीरे मुड़कर रिंग रोड की तरफ जा रहा था। बाइक चला रहे व्यक्ति ने ट्रक के बगल से आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन तभी सड़क किनारे बने एक गहरे गड्ढे में बाइक का पहिया चला गया। इससे बाइक डगमगा गई और पीछे बैठी महिला सीधे सड़क पर गिरकर ट्रक के अगले पहिए की चपेट में आ गई।
महिला का हाथ पहिए के नीचे आते ही बाइक चालक जोर से चिल्लाया। आवाज सुनकर ट्रक ड्राइवर ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और गाड़ी रोक दी। अगर ड्राइवर तुरंत ब्रेक नहीं लगाता, तो महिला के सीने पर पहिया चढ़ जाता और बड़ा अनर्थ हो जाता। हादसे के बाद वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवान ने तुरंत ट्रक को थोड़ा पीछे करवाया और महिला को बाहर निकाला। महिला को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां सड़क किनारे काफी समय से एक बड़ा गड्ढा बना हुआ है। बारिश के दिनों में इस गड्ढे में पानी भर जाता है, जिससे यह दिखाई नहीं देता और दोपहिया वाहन चालक अचानक गिर जाते हैं। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन इस खतरनाक गड्ढे को तुरंत बंद करवाए ताकि आगे किसी और के साथ ऐसा हादसा न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button