कॉलोनी में झाड़फूंक के बहाने युवती से दुष्कर्म करने वाला ढोंगी बाबा गिरफ्तार….

अंबिकापुर। थाना गांधीनगर क्षेत्र के अंतर्गत झाड़फूंक के नाम पर एक युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले ढोंगी बाबा को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, थाना गांधीनगर क्षेत्र की निवासी पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जून 2026 की सुबह लगभग 8 से 9 बजे के बीच उनकी कॉलोनी में अमित गोस्वामी नामक एक बाबा आया, जिसने खुद को प्रयागराज, उत्तर प्रदेश का निवासी बताया। वह मोहल्ले में लोगों को देखकर उनमें कोई न कोई कमी या दोष बता रहा था और उसे ठीक करने के लिए झाड़फूंक के नाम पर पैसे और मोबाइल की मांग कर रहा था। इसी दौरान वह पीड़िता के घर पहुंचा, जहां परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
ढोंगी बाबा ने पीड़िता के परिजनों से कहा कि वह युवती पर झाड़फूंक कर देगा, जिससे उसके लिए अच्छा शादी का रिश्ता आएगा और उसकी नौकरी भी लग जाएगी। इसके बाद उसने पीड़िता को स्नान करने के लिए कहा। झाड़फूंक का ढोंग रचते हुए उसने योजनाबद्ध तरीके से पीड़िता की मां को एक मुट्ठी चावल देकर हनुमान मंदिर जाने और वहां हनुमान जी को 151 चावल के दाने चढ़ाने के लिए भेज दिया। इसके साथ ही उसने पीड़िता की बहन को भी कमरे से बाहर रहने को कहा। घर में स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने पीड़िता को अपने वश में कर लिया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना शुरू की गई। गांधीनगर थाना प्रभारी व निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिए और जानकारी के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी अमित कुमार गोस्वामी को धर दबोचा। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य और सबूत पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्यवाही में गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक भारतीय मार्कण्डे, सउनि ललन गुप्ता, आरक्षक दीनदयाल सिंह, सुल्तान अहमद और घनश्याम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस गंभीर घटना के बाद सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से विशेष अपील की है कि वे इस तरह के ढोंगी बाबाओं के झांसे और अंधविश्वास में बिल्कुल न आएं। पुलिस ने सजग रहने का आग्रह करते हुए कहा है कि यदि आपके मोहल्ले या क्षेत्र में इस प्रकार का कोई भी संदिग्ध या ढोंगी बाबा दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल सरगुजा पुलिस को दें ताकि समय रहते ऐसे अपराधियों पर नकेल कसी जा सके।





