अम्बिकापुर

देव होटल के पास हवाई फायर करने वाले आरोपी हनी सिंह पर मामला दर्ज…

अंबिकापुर (सरगुजा): सरगुजा जिला मुख्यालय के देव होटल के पास हवाई फायर कर दहशत फैलाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दिनांक 06/02/26 को हुई इस घटना के बाद, सरगुजा पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी हनी सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वर्तमान में पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि देव होटल के पास एक व्यक्ति द्वारा बंदूक से हवाई फायर किया गया है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (IPS) ने पुलिस टीम को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करने और दोषियों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल (IPS) के नेतृत्व में साइबर सेल, थाना कोतवाली और गांधीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया।
जांच के दौरान जब पुलिस टीम ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की, तो पता चला कि हनी सिंह नामक व्यक्ति द्वारा मौके पर बंदूक से हवाई फायर किया गया था। इस कृत्य के कारण बाजार क्षेत्र में मौजूद आम जनता और व्यापारियों में भय का माहौल व्याप्त हो गया और लोगों की सुरक्षा संकट में पड़ गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 77/26 दर्ज किया है। आरोपी पर आयुध अधिनियम 1959 की धारा 25, 27 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 के तहत मुकदमा कायम कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button