महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का विमान क्रैश, 6 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के गृह जिले बारामती मे आज सुबह 8:45 पर हुए एक भीषण विमान हादसे में अजीत पवार समेत कुल छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा उस समय हुआ जब डिप्टी सीएम का चार्टर प्लेन बारामती एयरपोर्ट पर लैंड करने की कोशिश कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लैंडिंग के वक्त विमान अचानक अनियंत्रित हो गया और जमीन से टकराते ही एक भयानक आग का गोला बन गया। देखते ही देखते विमान से धुएं के ऊंचे गुब्बारे उठने लगे। इस हादसे में विमान में सवार सभी छह लोगों की जान चली गई है। शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया था कि अजीत पवार गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन अब उनकी और विमान में सवार अन्य सदस्यों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। अजीत पवार आज बारामती में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रमों में शिरकत करने वाले थे, लेकिन इस हादसे ने पूरे राज्य को स्तब्ध कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही उनकी बहन और सांसद सुप्रिया सुले बारामती पहुँच चुकी हैं। प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और हादसे के कारणों की जांच के लिए उच्च स्तरीय टीम तैनात की गई है। इस दुखद घटना के बाद पूरे पवार परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।




