अम्बिकापुर

अंबिकापुर में सरेराह युवती का अपहरण: NH-43 पर 100 किमी तक पीछा, पुलिस ने गाड़ियां अड़ाकर चारों आरोपियों को दबोचा…

अंबिकापुर/ अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। शहर के एक प्रतिष्ठित फर्नीचर शो-रूम में काम करने वाली युवती को कार सवार चार युवकों ने उस समय अगवा कर लिया जब वह अपनी शिफ्ट खत्म कर पैदल निवास की ओर जा रही थी। हालांकि, पुलिस की त्वरित सक्रियता और अंतर-जिला तालमेल के कारण आरोपियों के मंसूबे नाकाम रहे। सरगुजा और मनेंद्रगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर युवती को सुरक्षित बरामद किया और मध्य प्रदेश के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से कोरिया जिले की निवासी पीड़िता अंबिकापुर के गांधीनगर इलाके में रहकर एक निजी फर्नीचर शोरूम में अपनी सेवाएं देती है। गुरुवार (15 जनवरी) की रात वह कार्यस्थल से निकलकर पैदल अपने घर की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान गांधीनगर क्षेत्र के एक सुनसान हिस्से में पीछे से आए कार सवार युवकों ने उसका रास्ता रोका और एक युवक ने नीचे उतरकर उसे जबरन कार के भीतर खींच लिया। युवती की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी युवती को लेकर तेज रफ्तार में फरार हो चुके थे।

सीसीटीवी से मिली लोकेशन, हाईवे पर हाई-अलर्ट

घटना की सूचना मिलते ही सरगुजा पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल शहर के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर नाकाबंदी की। गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने जब शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो संदिग्ध कार नेशनल हाईवे 43 पर मनेंद्रगढ़ की दिशा में तेजी से भागती नजर आई। इसके बाद अंबिकापुर पुलिस ने तुरंत मनेंद्रगढ़ जिले के थानों को अलर्ट किया और आरोपियों का पीछा करना शुरू किया।

फिल्मी अंदाज में रोड ब्लॉक कर पकड़े गए किडनैपर

अंबिकापुर से मिली सटीक सूचना के बाद मनेंद्रगढ़ पुलिस ने नेशनल हाईवे पर अपनी गाड़ियां तिरछी खड़ी कर ‘रोड ब्लॉक’ लगा दिया। जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची, खुद को चारों तरफ से घिरा देख आरोपियों ने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने कार की पिछली सीट से बदहवास युवती को सकुशल बाहर निकाला। पकड़े गए चारों युवक मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। सरगुजा पुलिस की टीम देर रात मनेंद्रगढ़ पहुंची और युवती सहित चारों आरोपियों को वापस अंबिकापुर लेकर आई।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह संकेत मिले हैं कि मुख्य आरोपी की युवती से फेसबुक के माध्यम से पुरानी जान-पहचान थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी ने संभवतः इसी परिचय का फायदा उठाकर अपहरण की साजिश रची। हालांकि, पुलिस अभी इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है कि क्या यह मामला प्रेम प्रसंग का है या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश थी। फिलहाल, पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button