स्वास्थ्य और शिक्षा पर कलेक्टर अजीत वसंत का बड़ा फैसला: नवापारा अस्पताल में जल्द शुरू होंगी सर्जरी सुविधाएं,’सरगुजा 30′ में बढ़ेगी छात्रों की संख्या, मेधावियों को रायपुर में मिलेगी NEET-JEE की कोचिंग

अंबिकापुर : कलेक्टर अजीत वसंत ने बुधवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल के साथ जिले की स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न संस्थाओं का सघन औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जहां स्वास्थ्य केंद्र में सर्जरी सुविधाएं जल्द शुरू करने की डेडलाइन तय की, वहीं जिले के मेधावी छात्रों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े निवेश की घोषणा की।
नवापारा अस्पताल का कायाकल्प: 2 माह में शुरू होगा ऑपरेशन थिएटर
कलेक्टर अजीत वसंत सबसे पहले शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवापारा पहुंचे और वहां की स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीक जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण, लैब, फिजियोथेरेपी, किमोथेरेपी, टीकाकरण, सोनोग्राफी, मनोरोग (स्पर्श क्लिनिक) और सिकलिंग कक्ष सहित सभी विभागों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि आगामी 2 माह के भीतर अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर (OT) शुरू किया जाए, ताकि स्थानीय मरीजों को सर्जरी के लिए अन्यत्र न भटकना पड़े। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विभागों में स्पष्ट सूचना पटल और बैनर-फ्लेक्स लगाए जाएं ताकि मरीजों को भटकना न पड़े। कलेक्टर ने स्वयं मरीजों से बातचीत कर मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और अस्पताल प्रबंधन को दवाइयों की उपलब्धता व स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

‘सरगुजा 30’ का विस्तार: मेधावी बच्चों के लिए रायपुर के कोचिंग संस्थानों के खुलेंगे द्वार
स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के बाद कलेक्टर ने मल्टीपरपज स्कूल में संचालित “सरगुजा 30” कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पढ़ रहे विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी शिक्षा की गुणवत्ता और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। कलेक्टर ने बच्चों को कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया।
शिक्षा की गुणवत्ता को और व्यापक बनाने के लिए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि आगामी सत्र से कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाकर 50-50 (कुल 100) की जाए। उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि इन्हीं बच्चों में से चयनित मेधावी विद्यार्थियों को NEET और JEE जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा रायपुर के उत्कृष्ट कोचिंग संस्थानों में प्रवेश दिलाकर तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए उन्होंने आवश्यक कार्ययोजना बनाने और पूर्व तैयारी करने के निर्देश दिए।
घुमन्तु छात्रावासों में व्यवस्थाओं का अवलोकन
निरीक्षण की इसी कड़ी में कलेक्टर ने गंगापुर स्थित घुमन्तु बालिका छात्रावास और गांधीनगर स्थित बालक छात्रावास का भी जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास परिसर, शयनकक्ष और भोजन व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने जिला मिशन समन्वयक को निर्देशित किया कि घुमन्तु बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और छात्रावासों का संचालन पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित हो।


