सरगुजा जिले में अवैध धान के विरुद्ध प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, 2712 क्विंटल धान और दो वाहन जब्त

अंबिकापुर । खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और बिचौलियों पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में आज जिले की विभिन्न तहसीलों में अवैध धान संग्रहण, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत कुल 40 प्रकरण दर्ज करते हुए प्रशासन ने 2712.8 क्विंटल अवैध धान और परिवहन में प्रयुक्त 2 वाहनों को जब्त करने में सफलता हासिल की है।
तहसीलवार की गई इस व्यापक कार्रवाई में सर्वाधिक प्रभावी कार्रवाई जिला मुख्यालय अंबिकापुर में देखने को मिली, जहां 10 प्रकरणों में सबसे ज्यादा 1546.8 क्विंटल धान और एक वाहन जब्त किया गया। इसी कड़ी में उदयपुर तहसील में 12 प्रकरण दर्ज कर 486 क्विंटल, लखनपुर में 5 प्रकरणों में 230 क्विंटल और दरिमा में 6 प्रकरणों में 200 क्विंटल धान की जब्ती की गई। इसके अलावा सीतापुर में 144 क्विंटल धान के साथ एक वाहन, मैनपाट में 52 क्विंटल, लुण्ड्रा में 30 क्विंटल और बतौली में 24 क्विंटल अवैध धान पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर अजीत वसंत ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने राजस्व, खाद्य, सहकारिता और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ नाकाबंदी और औचक जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा के लिए उनसे अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप ही धान का विक्रय करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों या बिचौलियों के प्रलोभन से दूर रहें।


