उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा अम्बिकापुर में 82.23 करोड़ की सौगात : ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने फ्लाईओवर निर्माण, महामाया कॉरिडोर सहित सरगुजा और जशपुर में 1737 करोड़ की सड़कों की सौगात..

अम्बिकापुर, 08 दिसम्बर 2025। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा लोक निर्माण विकास मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आज नगर पालिका अम्बिकापुर क्षेत्र में कुल ₹82 करोड़ 23 लाख 71 हजार की लागत के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का भव्य लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री साव ने अम्बिकापुर के नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की कि शहर को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने हेतु फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया प्रगति पर है और इसका कार्य जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री विष्णु देव के नेतृत्व में सरगुजा अब तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।
समारोह में प्रमुख हस्तियाँ:
कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े उपस्थित थे। इनके अतिरिक्त, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत, सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
₹27.94 करोड़ के 6 प्रमुख सड़क कार्य:
उप मुख्यमंत्री साव ने स्वच्छता पार्क स्थित अटल परिसर का लोकार्पण किया और इसके बाद लोक निर्माण विभाग के कुल ₹2794.86 लाख की राशि से स्वीकृत 6 सड़कों का भूमिपूजन किया। इन सड़क कार्यों में फरसाबहार-धरमपुर मार्ग (लंबाई 4.00 किमी, लागत ₹602.58 लाख), बतौली-शांतिकुंज मार्ग निर्माण (लंबाई 3.00 किमी, लागत ₹344.16 लाख), फरसाबहार-जनरलगो सड़क (लंबाई 3.50 किमी, लागत ₹373.58 लाख), डूमरपाखना-पेण्डरमारी रोड (लंबाई 1.00 किमी, लागत ₹260.56 लाख), कटकोना शिवान (डिटक्सीयार) रोड (लंबाई 4.20 किमी, लागत ₹504.05 लाख), और पोईबोहरा-गुढ़उपूरीगुड़ा-बुढ़ा गांव मार्ग (लंबाई 5.00 किमी, लागत ₹709.93 लाख) शामिल हैं। इन सड़कों से क्षेत्र में आवागमन बेहतर होगा, व्यापारिक गतिविधियों को सुगमता मिलेगी और ग्रामीण संपर्क मार्ग मजबूत होंगे।
₹33.78 करोड़ की 6 शहरी विकास परियोजनाएँ:
नगर निगम अम्बिकापुर क्षेत्र के अंतर्गत ₹3378.75 लाख की लागत से प्रस्तावित 6 प्रमुख शहरी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। मुख्य शहरी कार्यों में अटल परिसर का लोकार्पण (लागत ₹50.00 लाख), माँ महामाया कॉरिडोर निर्माण कार्य (लागत ₹1159.00 लाख), पुष्प वाटिका सरगवा पार्क तथा पेयजल पाइप लाइन विस्तार (लागत ₹239.00 लाख), दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन निर्माण (लागत ₹277.75 लाख), नालंदा परिसर निर्माण कार्य (लागत ₹1118.00 लाख), और एस.बी.एम 2.0 अंतर्गत कार्य (लागत ₹535.00 लाख) शामिल हैं। इन परियोजनाओं से शहर में सौंदर्यीकरण, नागरिक सुविधाएं, स्वच्छता और सामुदायिक ढांचा मज़बूत होगा।
₹32.09 करोड़ की नलजल योजना से शुद्ध जल:
लोक यांत्रिकी विभाग के माध्यम से उप मुख्यमंत्री साव ने ₹32 करोड़ 9 लाख 10 हजार की लागत की नल जल योजनाओं की भी सौगात दी। इन योजनाओं से भिट्टीकला, कंचनपुर, नवानगर, देवीटिकरी, तेंदुटिकरा, बकनाकला, बरगीडीह, चिरगा, गंगापुर, करांकी, दर्रीटोला, बतौली, नवडीहा, दोरना, तेंदूडांड, कुनकुरी, कछारडीह, डूमरभावना, लैगू एवं चैनपुर में हर घरों में जल उपलब्धता सुनिश्चित किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री का संबोधन और भविष्य का विज़न:
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि विष्णु के सुशासन में प्रदेश सरकार तेजी से विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि केवल 23 महीनों में अम्बिकापुर के शहरी विकास के लिए ₹209 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है और सरगुजा संभाग में लोक निर्माण विभाग से ₹1737 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है, जिससे पूरे संभाग में सड़कों का कायाकल्प होगा। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि इन विकास कार्यों से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि पर्यटन, कृषि और स्थानीय व्यापार को नई दिशा मिलेगी। नगर निगम महापौर मंजूषा भगत ने शहरी विकास के लिए मिली बड़ी स्वीकृतियों हेतु उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर विलास भोसकर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, निगम कमिश्नर डी.एन. कश्यप, एसडीएम फागेश सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







