पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 3 जवान शहीद , छह नक्सलियों की मौत, पिछले 5 दिनों में 6 जवानों की शहादत

छत्तीसगढ़ के सुकमा ज़िले में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में शनिवार को डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड DRG के 3 जवान शहीद हो गए. डीआरजी को खास तौर से नक्सलियों से मुक़ाबले के लिए बनाया गया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने बस्तर रेंज के आईजी पी सुंदरराज के हवाले से यह जानकारी दे दी है.उन्होंने बताया कि यह हमला शनिवार सुबह नौ बजे तब हुआ, जब पुलिस की टीम जगरगुंडा और कुंदेड़ गांवों के बीच से गुजर रही थी.
दोनों पक्षों की ओर से हुई गोलीबारी में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर रामूराम नाग (36 साल), कॉन्स्टेबल कुंजम जोगा (33 साल) और कॉन्स्टेबल वंजम भीमा (31 साल) शहीद हो गए.

मुठभेड़ की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर और सुरक्षाबल को भेजा गया है. इलाक़े में नक्सलियों की खोज जारी है.
पुलिस का दावा है कि उसकी ओर से चली गोलियों से क़रीब छह नक्सली मारे गए हैं, जिनके शव लेकर भागने में उनके साथी सफल रहे.
इससे पहले 20 फरवरी को नक्सलियों ने दो बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था। पहली घटना राजनांदगांव की थी, जिसमें नक्सलियों ने निहत्थे जवानों पर फायरिंग की थी। इस घटना में दो जवान शहीद हो गए थे। वहीं, दूसरी घटना दंतेवाड़ा में हुई थी, जिसमें नक्सलियों ने अपने चचेरे भाई की शादी में गए आरक्षक पुन्नीराम की नक्सलियों हत्या कर दी थी।




