अंबिकापुर : एपीएल श्रेणी के लिए 9 बजे शुरू हुआ टीकाकरण.. 2 घंटे में हीं खत्म हुआ वैक्सीन.. निराश लौट रहे हैं लोग

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के अंतरिम आदेश पर प्रदेश मे 18 से 44 वर्ष के सभी वर्ग के लोगों के लिए वैक्सीनेशन आज शनिवार सुबह 9 बजे से शुरू करने के आदेश दिए गए थे. सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में एपीएल श्रेणी के लिए बनाए गए टीकाकरण केंद्र शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा में लोग 9 बजे से पहले से ही लाइन में लग गए थे वैक्सीनेशन निर्धारित समय पर शुरू हुआ किंतु महज 2 घंटे बाद वैक्सीन समाप्त हो गया जिससे वैक्सीन लगने की उम्मीद में पहुंचे लोग निराश होकर वापस लौट गए. अभी भी नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी स्वास्थ्य केंद्र के गेट से ही वैक्सीन खत्म होने बात कह कर बड़ी संख्या में वैक्सीनेशन के लिए पहुंचे लोगों को वापस भेज रहे हैं टीकाकरण केंद्र में उपस्थित कर्मचारियों ने बताया की एपीएल श्रेणी के लिए 220 डोज उपलब्ध कराए गए थे जो कि वैक्सीनेशन प्रारंभ होने के 2 घंटे मे हींं खत्म हो गए ।
ज्ञात हो किंं छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने राज्य शासन को निर्देश दिए थे कि राज्य शासन, 18-44 वर्ष आयु वर्ग के अंत्योदय, बी पी एल और ए पी एल हितग्राहियों के वैक्सीनेशन के लिए अनुपात निर्धारित करे। इस आदेश के परिपालन मे राज्य सरकार ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक समिति बनाई है।
उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को प्रकरण की सुनवाई करते हुए अंतरिम आदेश दिया था कि राज्य के अंत्योदय, बी पी एल और ए पी एल श्रेणी के 18 से 44 वर्ष के हितग्राहियों का एक तिहाई के अनुपात में टीकाकरण किया जाए। यह उच्च न्यायालय का अन्तरिम आदेश है।
राज्य शासन ने इस आदेश के परिपालन में निर्णय लिया है कि अंत्योदय, बी पी एल और ए पी एल श्रेणी के इस वर्ग के आयु समूहों के लिए जिलों में अलग-अलग वैक्सीनेशन सेन्टर बनाए जाएंगे। अंत्योदय और बीपीएल श्रेणी के लिए निर्धारित केन्द्रों में हितग्राहियों को निर्धारित आई.डी./दस्तावेज के साथ राशन कार्ड भी दिखाना होगा, जबकि एपीएल श्रेणी के निर्धारित केन्द्र में निर्धारित आई.डी., आाधार कार्ड, पेन कार्ड या अन्य मान्य दस्तावेज में से कोई एक दिखाना होगा, इसके लिए राशन कार्ड दिखाने की आवश्यकता नहीं होगी।


