अम्बिकापुर

अंबिकापुर: किरायेदारों ने की डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर वारदात; पुलिस वेरिफिकेशन न कराने वाले मकान मालिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अंबिकापुर। जिला दंडाधिकारी और पुलिस के सख्त निर्देशों की अनदेखी करने वाले मकान मालिकों पर सरगुजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना गांधीनगर क्षेत्र में एक मकान मालिक ने अपने किरायेदारों का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया था। इसी बीच, उन किरायेदारों ने डकैती और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किरायेदारों की जानकारी न देने के आरोप में मकान मालिक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
थाना गांधीनगर अंतर्गत आरोपी राहुल विश्वकर्मा (पिता विजय विश्वकर्मा, उम्र 27 वर्ष, साकिन भड्डी रोड, बचपन प्ले स्कूल के पास, वार्ड क्रमांक 28, थाना कोतवाली, अम्बिकापुर) ने सरगंवा गैस गोदाम के पास स्थित अपने मकान में कुछ व्यक्तियों को बिना पुलिस सत्यापन के किराये पर रखा था। जिला दंडाधिकारी के पूर्व जारी आदेश के अनुसार, किरायेदारों का सत्यापन कराना अनिवार्य है, जिसका आरोपी ने पालन नहीं किया।
जांच में सामने आया कि राहुल विश्वकर्मा के किरायेदारों ने 13 मई 2026 की रात ग्राम घंघरी गेरवानी नाला के पास डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर घटना कारित की। इस संबंध में थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 274/2026, धारा 126(2), 310(10) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है। घटना के बाद जब पुलिस ने मकान मालिक से किरायेदारों का विवरण मांगा, तो उनके पास कोई भी फोटो, मोबाइल नंबर या सही पता उपलब्ध नहीं था, जिससे अपराधी आसानी से अपनी पहचान छिपाने में सफल रहे।
वैध आदेश की अवहेलना करने और किरायेदारों का रिकॉर्ड न रखने के कारण, आरोपी मकान मालिक राहुल विश्वकर्मा के विरुद्ध थाना गांधीनगर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने अपराधी किरायेदारों को पनाह देने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन न करने के कारण मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की अपील: ऑनलाइन या ऑफलाइन कराएं सत्यापन
सरगुजा पुलिस ने पुनः अपील की है कि मकान मालिक अपने किरायेदारों का वेरिफिकेशन तुरंत कराएं। वेरिफिकेशन न कराने से अपराधियों को शहर में छिपने का मौका मिलता है। नागरिक यह प्रक्रिया अब घर बैठे कर सकते हैं:

डिजिटल माध्यम: छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘समाधान’ ऐप (Samadhaan App) या नागरिक सेवा पोर्टल (citizen.cgpolice.gov.in) पर जाकर ओटीपी के माध्यम से अकाउंट बनाकर विवरण अपलोड करें।

ऑफलाइन माध्यम: संबंधित थाना में जाकर निर्धारित फॉर्म भरकर पहचान पत्र और रेंट एग्रीमेंट के साथ वेरिफिकेशन कराएं।

संदिग्ध व्यक्तियों या किरायेदारों के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर सरगुजा पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9479193599 अथवा डायल 112 पर सूचित करें। सूचना देने वाले का विवरण पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button