राशन के लिए हाहाकार: भोर 3 बजे से कतार में लगे ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, देर रात तक राशन न मिलने पर संचालक का घेराव, पुलिस ने संभाला मोर्चा…

अंबिकापुर ।सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड में शासकीय उचित मूल्य दुकान में माह के अंतिम दिन 30 अप्रैल को सैकड़ों हितग्राहियों को राशन वितरण नहीं होने से ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। देर रात 12 बजे ग्रामीणों ने शासकीय उचित मूल दुकान संचालक का घेराव कर दिया और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे जिसके बाद मामला शांत हुआ।
पूरा मामला लखनपुर विकासखंड के ग्राम रजपुरीकला का है। ग्रामीणों का आरोप है कि शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालक हीरेंद्र प्रसाद राजवाड़े के द्वारा सैकड़ो हितग्राहियों को मार्च और अप्रैल माह का राशन वितरण नहीं किया गया। सोसायटी संचालक के द्वारा मनमानी तरीके से दुकान का संचालन किया जा रहा है और नियमित रूप से दुकान नहीं खोला जाता है। अप्रैल माह के अंतिम तीन दिनों में ग्रामीण सुबह 3:00 बजे से शासकीय उचित मूल दुकान में राशन लेने लाइनों में लग रहे हैं सुबह से रात होने के बाद भी ग्रामीणों को राशन का वितरण नहीं किया जा रहा था 30 अप्रैल दिन गुरुवार को सुबह 3:00 से सोसाइटी में हितग्राही लाइन में लगे हुए थे ग्रामीणों के फोन करने के बाद सोसायटी संचालक दोपहर 12:00 दुकान पहुंचे और रात 10:00 बजे तक ग्रामीणों का ईपोस मशीन में थंब लगवाया गया। लेकिन राशन का वितरण नहीं किया गया। देर रात तक ढाई सौ से 300 हितग्राहियों को सोसायटी संचालक के द्वारा राशन वितरण नहीं कराया जाने की स्थिति में आक्रोशित ग्रामीणों ने सोसायटी संचालक को घेर लिया। और राशन वितरण किए जाने की मांग करने लगे। रात 11:00 तक सोसायटी संचालक को ग्रामीणों ने घेर के रखा था सूचना के बाद पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के निर्देश के बाद लखनपुर थाना प्रभारी संपत पोटाई मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से राशन वितरण के संबंध में जानकारी लेते हुए तहसीलदार से फोन पर बात की गई। देर रात तक ग्रामीण परेशान रहे।सूचना मिलने के बाद भी तहसीलदार गांव नहीं पहुंचे पुलिस की समझाइस के बाद मामला शांत हुआ। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि तहसीलदार और फूड इंस्पेक्टर शुक्रवार की सुबह 10:30 बजे उचित मूल्य दुकान आकर समस्या का समाधान करेंगे। क्षेत्र में लगातार राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही हैं। अब देखने वाली बात होगी की कब तक हितग्राहियों को राशन का वितरण होता है।
ग्रामीणों ने सोसायटी संचालक पर लापरवाही का लगाया आरोप
राशन कार्ड हितग्राही विमला, धनीराम प्रजापति ,भुवनेश्वरी, सुमनिया, चंदा, सुनीता प्रजापति, सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया है की दुकान संचालक के द्वारा मनमानी ढंग से दुकान का संचालन किया जा रहा है। महीने में लगभग 10 दिन दुकान खोलकर आधा अधूरा राशन वितरण को किया जाता है। तीन दिनों से ग्रामीण 3:00 बजे भोर से राशन लेने सोसाइटी में लाइन लग रहे हैं परंतु संचालक के द्वारा राशन का वितरण नहीं किया जा रहा है राशन वितरण के संबंध में पूछने पर हितग्राहियों से अभद्र व्यवहार किया जाता है। मार्च और अप्रैल माह के ढाई सौ 300 हितग्राहियों को राशन का वितरण नहीं किया गया है। राशन नहीं मिलने की स्थिति में कई ग्रामीण दुकानों से चावल खरीद कर अपना गुर्जर बसर कर रहे हैं। कहीं ना कहीं सोसायटी संचालक के लापरवाही के कारण सरकार द्वारा चलाए जा रहे खाद्यान्न योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
सोसायटी संचालक हरेंद्र प्रसाद राजवाड़े
सोसायटी संचालक हरेंद्र प्रसाद राजवाड़े से बात करने पर उनके द्वारा बताया गया कि समय पर राशन का आवंटन नहीं होने पर इस प्रकार की स्थिति निर्मित हो रही है। 21 अप्रैल को पोर्टल खोलने के बाद राशन का वितरण किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि पुहपूटरा और रजपुरी कला दो दुकानो का संचालन मेरे द्वारा किया जाता है। और उन्होंने स्वीकार किया कि मेरे लापरवाही के कारण ग्रामीणों को राशन का वितरण नहीं हो पाया है।





