वैश्विक मंच पर ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन: यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, सुरक्षा एजेंसियों ने बताया बड़ी साजिश

भारत की मेजबानी में आयोजित प्रतिष्ठित ‘ग्लोबल AI समिट’ 2026 के दौरान वैश्विक प्रतिनिधियों के सामने ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी करीब 20 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद हुई है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि धूमिल करने का आरोप
भारत मंडपम में आयोजित इस सम्मेलन में दुनिया भर के दिग्गज और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए थे। इसी दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अचानक अपने शर्ट उतारकर ‘टॉपलेस’ (शर्टलेस) प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनके शरीर और टी-शर्ट्स पर ‘PM is Compromised’ और ‘India-US Trade Deal’ जैसे विवादित नारे लिखे थे। दिल्ली पुलिस ने अदालत में इसे देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने की एक ‘गहरी साजिश’ करार दिया है। पुलिस का दावा है कि यह विरोध प्रदर्शन नेपाल के ‘Gen Z’ आंदोलन से प्रेरित था, जिसका मकसद वैश्विक मंच पर भारत की गरिमा को ठेस पहुंचाना था।
तिलक मार्ग थाने में बढ़ाई गई सुरक्षा
गिरफ्तारी के बाद उदय भानु चिब को तिलक मार्ग थाने में रखा गया है। संवेदनशील मामला होने के कारण थाने के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस के साथ-साथ सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया है। इस मामले में अब तक उदय भानु सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस जांच कर रही है कि इस प्रदर्शन के लिए फंडिंग कहां से हुई और इसके पीछे मुख्य योजनाकार कौन था।
कांग्रेस का पलटवार: राजनीतिक प्रतिशोध बताया
दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला करार दिया है। तिरुवल्लुर के सांसद शशिकांत सेंथिल ने सोशल मीडिया (X) पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “20 घंटे की पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस ने बेशर्मी से उदय भानु को सुबह 4 बजे गिरफ्तार किया। हमें अपने योद्धाओं पर गर्व है। युवाओं के हक की लड़ाई जारी रहेगी।” कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रही है।
समिट में मची थी अफरा-तफरी
गौरतलब है कि प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन पंजीकरण और क्यूआर कोड (QR Code) के जरिए हाई-सिक्योरिटी वाले इस कार्यक्रम में प्रवेश पाया था। हॉल नंबर 5 में जब विदेशी मेहमानों की मौजूदगी में यह ‘शर्टलेस’ ड्रामा हुआ, तो सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। बीजेपी ने इस कृत्य को ‘निर्लज्ज’ बताते हुए राहुल गांधी से माफी की मांग की है।




