अम्बिकापुर

अम्बिकापुर में ‘युवा उड़ान-2026’कल: सुपर-30 के आनंद कुमार और सुप्रसिद्ध लेखक नीलोत्पल मृणाल सिखाएंगे सफलता के गुर, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल होंगे मुख्य अतिथि

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग और जिला प्रशासन सरगुजा के संयुक्त तत्वावधान में कल, 22 जनवरी 2026 को जिला मुख्यालय के कलाकेन्द्र मैदान में एक विशाल युवा सम्मेलन “युवा उड़ान-2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 11:00 बजे से शुरू होगा, जिसमें सरगुजा संभाग के हजारों युवाओं को देश की जानी-मानी हस्तियों से रूबरू होने और करियर के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम की अंतिम तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर और अपर कलेक्टर सुनील नायक ने आयोजन स्थल कलाकेन्द्र मैदान का सघन दौरा किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए मंच की साज-सज्जा, दर्शकों की बैठक व्यवस्था, सुरक्षा मानकों, सुगम यातायात, आकस्मिक चिकित्सा और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम अम्बिकापुर फागेश सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्हें व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल होंगे, जो युवाओं को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज द्वारा की जाएगी। इसके अतिरिक्त गरिमामयी उपस्थिति के रूप में विशिष्ट अतिथि लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव और राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर मंच साझा करेंगे। साथ ही महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, नगर निगम सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी और जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
“युवा उड़ान-2026” का मुख्य आकर्षण युवाओं के करियर मार्गदर्शन और व्यक्तित्व विकास का सत्र होगा। ‘विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़, विकसित सरगुजा’ के उद्देश्य को समर्पित इस कार्यक्रम में देश के सुप्रसिद्ध गणितज्ञ, शिक्षाविद और सुपर-30 के संस्थापक आनंद कुमार युवाओं को सफलता के मंत्र देंगे। उनके साथ ही सुप्रसिद्ध लेखक और कवि नीलोत्पल मृणाल अपनी साहित्यिक चेतना और प्रेरक विचारों से युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। इनके अलावा कई अन्य यूथ आइकॉन भी शामिल होकर शिक्षा, जीवन कौशल और आधुनिक करियर विकल्पों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करेंगे। यह आयोजन क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए अपनी प्रतिभा को सही दिशा देने का एक सुनहरा मंच साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button