तातापानी महोत्सव 2026: मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होगा आगाज, बलरामपुर पुलिस अलर्ट मोड पर; चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे जवान

बलरामपुर-रामानुजगंज: जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के थाना रामानुजगंज अंतर्गत ग्राम तातापानी स्थित गर्म जल स्रोत में मकर संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी से 16 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले ‘तातापानी महोत्सव’ की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। तातापानी महोत्सव 2026 का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में होना है। इस दौरान राज्य के अन्य मंत्रीगण, सांसद और विशिष्ट व्यक्तियों का आगमन भी नियत है, जिसे देखते हुए बलरामपुर पुलिस पूरी तरह एलर्ट मोड पर है।

पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज, वैभव बैंकर (भा.पु.से.) के कुशल मार्गदर्शन में महोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु जिले भर के पुलिस राजपत्रित अधिकारियों और थाना/चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली गई है। पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों के गुंडा, निगरानी, माफी बदमाशों और अन्य असामाजिक तत्वों के सकूनत (घर) पर जाकर उनकी सघन चेकिंग करें। इसके परिपालन में पुलिस टीमें बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटा रही हैं और उन्हें किसी भी अवैध या आपराधिक कृत्य में संलिप्त न होने की कड़ी समझाइश दे रही हैं।

महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस ने चाक-चौबंद प्रबंध किए हैं। अत्यधिक ठंड होने के बावजूद पुलिस के जवान मेला क्षेत्र में 24 घंटे चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा व्यापक ट्रैफिक प्रबंध किए गए हैं। चूंकि जिले की सरहदें झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश राज्यों से लगी हुई हैं, इसलिए सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार एरिया डॉमिनेशन, गश्त और सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।
श्रद्धालुओं में सुरक्षा की भावना जागृत करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा बैंक, एटीएम, सर्राफा दुकानों, लॉज और ढाबों की भी निरंतर चेकिंग की जा रही है। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने चेतावनी दी है कि नशेड़ियों, बेवजह घूमने वालों और असामाजिक तत्वों द्वारा किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, उन्होंने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सुरक्षा के लिए हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।





