अम्बिकापुर

अम्बिकापुर: सूबेदार, उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर भर्ती प्रक्रिया शुरू, पहले दिन 427 अभ्यर्थियों की हुई शारीरिक मापजोख

अम्बिकापुर | छत्तीसगढ़ पुलिस में सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के रिक्त 341 पदों की पूर्ति हेतु चयन प्रक्रिया का पहला चरण आज से सरगुजा जिले में प्रारंभ हो गया है। भर्ती के इस प्रारंभिक चरण में अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच एवं शारीरिक मापजोख (PMT) की प्रक्रिया पुलिस लाइन ग्राउंड, अम्बिकापुर में आयोजित की जा रही है। भर्ती के पहले दिन कुल 750 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 427 अभ्यर्थियों ने उपस्थित होकर अपनी शारीरिक पात्रता और दस्तावेजों का परीक्षण कराया। पुलिस प्रशासन द्वारा पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान सरगुजा पुलिस ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के लिए विशेष अपील जारी करते हुए सतर्क रहने को कहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया अत्यंत निष्पक्ष और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की जा रही है। अभ्यर्थियों को किसी भी व्यक्ति के झांसे, लालच या प्रलोभन में न आने की सलाह दी गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नौकरी के नाम पर किसी भी दलाल या असामाजिक तत्व को रकम देना और लेना दोनों ही कानूनन गंभीर अपराध हैं, इसलिए अभ्यर्थी अपनी योग्यता पर विश्वास रखें और प्रलोभन देने वालों से दूरी बनाएं।
सरगुजा पुलिस ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया है कि चयन प्रक्रिया के दौरान केवल मेरिट और शारीरिक मापदंडों को ही आधार बनाया जा रहा है। यदि कोई व्यक्ति भर्ती के नाम पर ठगी करने का प्रयास करता है या रुपयों की मांग करता है, तो अभ्यर्थी इसकी सूचना तुरंत पुलिस विभाग को दे सकते हैं। पुलिस लाइन ग्राउंड में यह प्रक्रिया निर्धारित शेड्यूल के अनुसार आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button