अम्बिकापुर

सरगुजा में कड़ाके की ठंड का अलर्ट: 5वीं तक के बच्चों की 10 जनवरी तक छुट्टी, बड़ी कक्षाओं के समय में बदलाव

अम्बिकापुर। उत्तर छत्तीसगढ़ समेत पूरे सरगुजा संभाग में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर के चलते जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर दो बड़े फैसले लिए हैं। कलेक्टर सरगुजा के निर्देशानुसार, जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा द्वारा मौसम के बदलते मिजाज और गिरते तापमान को देखते हुए जिले के प्राथमिक स्कूलों में अवकाश की घोषणा कर दी गई है। जारी आदेश के तहत कक्षा पहली से लेकर पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूल 10 जनवरी 2026 तक पूरी तरह बंद रहेंगे। हालांकि, यह स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय केवल छात्रों के लिए बंद रहेंगे, जबकि शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक स्टाफ को निर्धारित समय पर स्कूल में उपस्थित रहकर कार्यालयीन कार्यों का संपादन करना होगा।
वहीं दूसरी ओर, माध्यमिक और उच्चतर विद्यालयों के लिए भी राहत भरा फैसला लिया गया है। कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल संचालन के समय में आंशिक संशोधन किया गया है। अब एक पाली में चलने वाले स्कूल सोमवार से शुक्रवार सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक और शनिवार को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। दो पालियों में संचालित होने वाले स्कूलों के लिए प्रथम पाली का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तय किया गया है। प्रशासन का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है, जिससे सुबह की भीषण ठंड और कोहरे के बीच स्कूल जाने वाले बड़े छात्रों को भी बड़ी राहत मिली है।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए लिया है। लंबे समय से अभिभावकों द्वारा भी शीतलहर के कारण स्कूल समय में बदलाव या अवकाश की मांग की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि यह संशोधित व्यवस्था 10 जनवरी तक प्रभावी रहेगी, जिसके बाद 11 जनवरी से 31 जनवरी तक विद्यालय पुनः अपने पूर्व निर्धारित समय पर लौट आएंगे। इसके साथ ही विभाग ने शिक्षकों और कर्मचारियों को भी ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button