वृंदावन तीर्थ यात्रा पर गए परिवार के नवापारा स्थित सूने मकान में चोरी : ज्वेलर्स सहित चार गिरफ्तार, 3 लाख का जेवर बरामद

अम्बिकापुर: सरगुजा जिले के नवापारा क्षेत्र में एक सूने मकान को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गिरोह का गांधीनगर पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। यह चोरी उस समय हुई जब प्रार्थिया श्रीमती ज्योति गोस्वामी अपने घर में ताला लगाकर वृंदावन की तीर्थ यात्रा पर गई हुई थीं। इसी दौरान आरोपियों ने उनके सूने मकान का फायदा उठाकर सोने-चांदी के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का माल खरीदने वाले एक ज्वेलर्स और एक नाबालिग सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से शत-प्रतिशत मशरुका बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले का विस्तृत विवरण यह है कि प्रार्थिया श्रीमती ज्योति गोस्वामी, जो मूलतः खितौली बरही (जिला कटनी, म.प्र.) की निवासी हैं और वर्तमान में नावापारा में किराये के मकान में रहती हैं, दिनांक 25 दिसंबर 2025 को वृंदावन गई हुई थीं। दिनांक 2 जनवरी 2026 को उनके रूम मालिक ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। जब प्रार्थिया वापस लौटीं, तो उन्होंने पाया कि अलमारी से चांदी की पायल, करधन, छल्ला, कटोरी, सोने का हार, नथ और टाप्स जैसे कीमती जेवर गायब थे। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 03/26 के तहत बी.एन.एस. की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान गांधीनगर पुलिस ने संदेही शिवम रवि को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों का विस्तृत विवरण देते हुए बताया कि प्रकरण के मुख्य आरोपी शिवम रवि पिता गुप्तेश्वर रवि, उम्र 20 वर्ष, निवासी नावापारा गोधनपुर रोड, थाना गॉधीनगर के मेमोरंडम एवं निशानदेही पर मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक एवं अन्य आरोपियों जिसमें विलसन मिंज पिता संजय मिंज, उम्र 19 वर्ष, निवासी नावापारा गोधनपुर रोड, थाना गॉधीनगर और चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर्स अंकित सोनी पिता कृष्णा सोनी, उम्र 31 वर्ष, निवासी नावापारा गोधनपुर, थाना गांधीनगर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी किए गए सोने के हार को उन्होंने जोड़ा पीपल के पास स्थित ‘अंकित अलंकार ज्वेलर्स’ के संचालक अंकित सोनी को बेच दिया था। ज्वेलर्स ने पैसों के भुगतान के लिए आरोपियों को नावापारा चर्च ग्राउंड में बुलाया था, जहाँ उसने उन्हें 50,000 रुपये दिए थे।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 35 हजार रुपये नगद, चोरी के सभी चांदी के जेवर, हार के कुछ हिस्से को गला देने के कारण गला हुआ सोना, हार का बचा हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की छड़ भी जब्त की है। इस पूरी कार्यवाही में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, प्रधान आरक्षक रुस्तम सिंह सोनवानी, आरक्षक रमन मंडल और राहुल सिंह की विशेष और सक्रिय भूमिका रही। आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय और किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर दिया गया है।


