मैनपाट में छोटी बच्चियों का धर्मांतरण, धर्म रक्षा समिति की शिकायत पर FIR, पुलिस करेगी जाँच

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के मैनपाट क्षेत्र में कथित धर्मांतरण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया है। ग्राम केसरा निवासी और धर्म रक्षा समिति, मैनपाट के खंड संयोजक दिलवर यादव की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और जाँच शुरू कर दी है।
शिकायत में कहा गया है कि ग्राम सरभंजा की निवासी आरती मांझी द्वारा आदिवासी मांझी समाज के भोले-भाले बच्चों को बहला-फुसलाकर और पैसों का लालच देकर जबरन उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। यह कार्य परिजनों की जानकारी के बिना किया जा रहा था।
शिकायतकर्ता दिलवर यादव के अनुसार, बीते रविवार को सुबह लगभग 9:30 बजे आरती मांझी को गांव की छोटी बच्चियों को बरिमा चर्च में बपतिस्मा कराने के लिए ले जाते हुए देखा गया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों और धर्म रक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुँचे।
समिति के सदस्यों – हेमंत गुप्ता, जितेश गुप्ता, मुकेश गुप्ता, आकाश गुप्ता – और ग्रामीणों ने मिलकर आरती मांझी से पूछताछ की और घटना का वीडियो भी बनाया। इस दौरान परिजनों ने पाया कि उनकी बच्चियों को धर्म परिवर्तन के लिए ले जाया जा रहा था।
परिजनों और धर्म रक्षा समिति के सदस्यों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल FIR दर्ज कर ली है। अब पुलिस की पड़ताल का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या इस घटना के पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जो भोले-भाले लोगों की मजबूरी का फायदा उठा रहा है।



