बलरामपुर मनोज गुप्ता हत्याकांड: पुलिस ने किया खुलासा, पत्नी ने ही करंट लगाकर की थी पति की हत्या

बलरामपुर: मनोज गुप्ता हत्याकांड में पुलिस का खुलासा दूसरी पत्नी रखने से नाराज़ पत्नी ने बिजली का करंट लगाकर की पति की हत्या
बलरामपुर: बलरामपुर में पति-पत्नी के बीच विवाद ने एक खौफनाक रूप ले लिया, जब एक पत्नी ने अपने पति की दूसरी शादी से नाराज़ होकर बिजली का करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह घटना 30 जुलाई, 2025 को सुबह करीब 3:00 बजे बलरामपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम अधौरा में हुई। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि मनोज गुप्ता के घर में पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम और कुछ जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि घर अंदर से बंद था। घर के अंदर से मनोज गुप्ता के चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं, जो अचानक बंद हो गईं।
काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो पुलिस ने उसे तोड़ने का प्रयास किया। तभी मनोज की पत्नी पार्वती गुप्ता ने दरवाजा खोला और तुरंत बेहोश हो गई। पुलिस ने जब घर के अंदर प्रवेश किया, तो देखा कि मनोज गुप्ता अचेत अवस्था में जमीन पर पड़े थे और उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर मनोज और पार्वती दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जाँच के बाद मनोज गुप्ता को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद थाना बलरामपुर में मर्ग क्रमांक 46/2025 धारा 194 बीएनएसएस और अपराध क्रमांक 105/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया और जाँच शुरू की गई।
जांच में यह सामने आया कि मृतक मनोज गुप्ता ने अपनी पहली पत्नी पार्वती गुप्ता के अलावा बलरामपुर में एक और पत्नी को किराए के मकान में रखा हुआ था। इसी वजह से पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे। पार्वती गुप्ता ने पहले भी मनोज के खिलाफ थाने में मारपीट और प्रताड़ना का केस दर्ज करवाया था, और महिला आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस की जाँच के अनुसार, 29 और 30 जुलाई की दरम्यानी रात को मनोज और पार्वती के बीच फिर से झगड़ा हो रहा था। गुस्से में पार्वती ने कहा कि वह मनोज को दूसरी महिला के पास नहीं जाने देगी और उसे अपने पास बांधकर रखेगी। मनोज ने भी सहमति जताते हुए अपने हाथ-पैर पार्वती से बंधवा लिए।
लगातार झगड़े और पिछले 3-4 सालों से चली आ रही नाराज़गी के कारण पार्वती का गुस्सा चरम पर पहुँच गया। इसी दौरान, पार्वती ने घर में रखे एक्सटेंशन वायर से मनोज को बिजली का करंट देना शुरू कर दिया, जिससे मनोज की मौके पर ही मौत हो गई।
आज, 31 जुलाई, 2025 को विवेचना में आरोपी पार्वती गुप्ता (45 वर्ष), पति स्व. मनोज गुप्ता, निवासी ग्राम बरदर के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया और माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





