लखनपुर

जीवालिया में प्रशासन और पंचायत की संयुक्त टीम ने ढहाया अवैध अतिक्रमण, शासकीय भूमि पर निर्मित मकान जमींदोज

बिनिया ग्राम पंचायत की बार-बार चेतावनी के बावजूद अतिक्रमणकारी ने नहीं हटाया कब्जा, मजबूरन जेसीबी से हटाई गई नव-निर्मित संरचना

लखनपुर: सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम बिनिया के आश्रित ग्राम जीवालिया में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण पर ग्राम पंचायत और प्रशासनिक अमले ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। सड़क किनारे श्रीप्रसाद खलखो पिता परसे खलखो द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए नव-निर्मित मकान को जेसीबी मशीन के माध्यम से तोड़कर अतिक्रमण को हटाया गया।
जानकारी के अनुसार, श्रीप्रसाद खलखो द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया गया था। ग्राम पंचायत बिनिया की ओर से अतिक्रमण हटाए जाने के लिए ग्रामीण को कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इतना ही नहीं, अतिक्रमणकारी ने नोटिस के बावजूद उक्त भूमि पर 15 दिवस के भीतर मकान का निर्माण भी कर लिया।
ग्राम पंचायत बिनिया के सरपंच, सचिव और पंचों द्वारा ग्राम सभा में इस अवैध अतिक्रमण को हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया था। प्रस्ताव पारित होने के बाद भी अतिक्रमण हटाने के लिए ग्रामीण को नोटिस दिया गया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। पंचायत द्वारा उक्त भूमि पर शासकीय निर्माण कार्य कराया जाना था, लेकिन अतिक्रमणकारी के हटने को तैयार न होने और वाद-विवाद की स्थिति निर्मित होने के बाद ग्राम पंचायत ने नायब तहसीलदार उमेश तिवारी को इस स्थिति से अवगत कराया।
पंचायत की मांग पर पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए अतिक्रमण हटाने की तिथि निर्धारित की गई। सोमवार को प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में ग्राम पंचायत की ओर से जेसीबी मशीन के माध्यम से नव-निर्मित मकान को तोड़कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
इस दौरान नायब तहसीलदार उमेश तिवारी, कुन्नी और केदमा चौकी प्रभारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि महंत, ग्रामीण सहित पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button