CORONA

छत्तीसगढ़ में कोरोना अलर्ट: अंबेडकर अस्पताल में आज से विशेष कोरोना ओपीडी प्रारंभ…

देशभर में कोरोना के बढ़ते मामलों, खासकर महाराष्ट्र और केरल में नई वृद्धि के मद्देनजर, छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। दो दिन पूर्व महाराष्ट्र में कोरोना के दो मरीज मिलने के बाद छत्तीसगढ़ में भी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार देर शाम अंबेडकर अस्पताल में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में कोरोना मरीजों के इलाज, दवा, बेड, ऑक्सीजन आपूर्ति, पीपीई किट की उपलब्धता और सैंपल जांच सुविधाओं सहित विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की गई।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, अंबेडकर अस्पताल में आज शुक्रवार से कोरोना के लिए एक अलग ओपीडी (आउट पेशेंट डिपार्टमेंट) शुरू की जाएगी। मरीजों की जांच और उपचार के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक समर्पित टीम का गठन किया गया है। इस विशेष कोरोना ओपीडी में लैब टेक्नीशियन, लेबर वार्ड, आईसीयू और वेंटिलेटर की भी उचित व्यवस्था की जाएगी।
राज्य कंट्रोल एवं कमांड सेंटर के अनुसार, वर्तमान में छत्तीसगढ़ में कोरोना का एक भी सक्रिय मरीज नहीं है। हालांकि, देश और विदेश में जिस तरह से कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है, उसे देखते हुए एहतियात के तौर पर अलग से इलाज की व्यवस्था की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। स्वास्थ्य विभाग जनता से सतर्क रहने और कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने का आग्रह कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button