घर में होने वाले समारोह की खरीदारी कर लौट रहे बाइक सवार युवक की तेज रफ्तार बस की टक्कर से मौत, जांच में जुटी पुलिस..

नंदू यादव । रामानुजगंज शहर के नजदीक कमलपुर बेरियर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर शुक्रवार करीब 11 बजे अंबिकापुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही गुरू नानक बस क्रमांक CG 15 EB2264 ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी. इस घटना में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. रामानुजगंज पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई करने में जुट गई है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक मृणाल मंडल के घर में समारोह कार्यक्रम होने वाला था जिसके लिए वह रामानुजगंज से सब्जी खरीदकर बाइक से अपने घर धनगांव वापस लौट रहा था तभी अचानक कमलपुर फोरेस्ट बेरियर के नजदीक गुरू नानक बस ने सामने से टक्कर मार दी स्थानीय लोगों ने सूचना रामानुजगंज पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया लेकिन तब तक युवक ने दम तोड़ दिया . मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है.





