दर्दनाक हादसा, देर रात अचानक आग लगने से घर में सो रहे हैं तीन मासूम भाई-बहनों की जलकर मौत

अंबिकापुर। मैनपाट में शनिवार की देर रात एक बड़ा हादसा हुआ घर में सो रहे 3 बच्चों की जलकर मौत हो गई। आग लगने की खबर मिलते ही गांव के लोग पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही सुबह कमलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को निकालकर पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के वक्त मां दूसरे कमरे में अपने चौथे बच्चे को देखने गई थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मैनपाट के ग्राम बरिमा पकरीपारा निवासी देवधन माझी काम करने दूसरे राज्य में गया है घर पर उसकी पत्नी सुधनी व 4 बच्चे रह रहे थे। पत्नी ही बच्चों की देखभाल कर रही थी।
शनिवार की रात 2 बेटियों व एक बेटे को एक कमरे में मां ने सुलाया था। इसी बीच देर रात करीब 2.30 बजे उस कमरे में आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि नींद में रहे बच्चों को उठकर भागने का मौका भी नहीं मिला और तीनों की जलकर मौत हो गई। घटना के वक्त मां चौथे बच्चे को देखने दूसरे कमरे में गई थी। तीनों बच्चों की उम्र 10 साल के भीतर बताई जा रही है।
महिला का शोर सुनकर गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। इस दौरान बच्चों की जलकर मौत हो चुकी थी। फिर इस घटना की खबर गांववालों ने कमलेश्वरपुर थाने में दी। सूचना मिलते ही सुबह तहसीलदार व पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
यह भी पढ़ें
पुलिस ने शवों को निकालकर पीएम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। इस हृदयविदारक घटना से मैनपाट में शोक का माहौल है। आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों ने घर में आग लगाने की आशंका जताई है।




