अम्बिकापुर

राष्ट्रपति के हाथों सरगुजा और बेमेतरा को मिला भूमि सम्मान 2023 भूमि प्रबंधन के लिए देश के शीर्ष जिलों में शामिल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दी बधाई और शुभकामनाएं,राष्ट्रपति के हाथों कलेक्टर कुन्दन कुमार ने नई दिल्ली विज्ञान भवन में ग्रहण किया सम्मान

अंबिकापुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों मंगलवार 18 जुलाई 2023 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में सरगुजा को भूमि सम्मान 2023 प्लेटिनम अवार्ड से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के राजस्व विभाग और सरगुजा जिला प्रशासन को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को भूमि प्रबंधन के लिए सम्मान मिलना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। इस सम्मान समारोह में प्रदेश के दो जिलों सरगुजा के साथ बेमेतरा को भी भूमि प्रबंधन और प्रशासन के लिए भूमि सम्मान प्लेटिनम सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया है। राज्य स्तर पर राजस्व विभाग सचिव श्री नीलम नामदेव एक्का, महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक श्रीमती किरण कौशल, संचालक भूअभिलेख सहती रमेश शर्मा को सम्मान प्रदान किया गया।
विज्ञान भवन नई दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों सरगुजा कलेक्टर कुन्दन कुमार ने यह भूमि सम्मान 2023 प्लेटिनम अवार्ड प्राप्त किया। इनके साथ अधीक्षक, भूअभिलेख उषा नेताम तथा सब-रजिस्ट्रार सिद्धार्थ शंकर मिश्रा भी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति द्वारा देश में 9 राज्य के 75 जिलों को भू-अभिलेखों के आधुनिकीकरण, ग्राम नक़्शों के डिजिटलाइज़ेशन, अभिलेख़ागार के मार्डनाइजेशन और लैंड रिकॉर्ड्स के क्षेत्र में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए “भूमि सम्मान प्लैटिनम अवार्ड” से सम्मानित किया गया है।
गौरतलब है कि डिजिटल इंडिया लैण्ड रिकार्ड मॉर्डनाईजेशन प्रोग्राम (डीआईएलआरएमपी) अंतर्गत प्रदेश में बेहतर काम हुए है जिससे आम लोगों को भूमि संबंधी जानकारियां मिलना आसान हुआ है।त्रँ डिजिटल इंडिया लैण्ड रिकार्ड मॉर्डनाईजेशन प्रोग्राम (डीआईएलआरएमपी) अंतर्गत प्रदेश में भूमि प्रबंधन से जुड़े 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इसी तरह भूमि प्रबंधन से जुड़े चार घटकों, लैण्ड रिकार्ड का डिजिटाइजेशन, पंजीयन कार्यालय से समन्वय, मॉडल रिकार्ड रूम की स्थापना में प्रदेश के सरगुजा जिले में शतप्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके है। सरगुजा जिला भूमि प्रबंधन में देश के शीर्ष जिलों में शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button