केंद्रीय जेल में 5 दिन के भीतर 3 बंदियों की मौत, कलेक्टर ने जारी किया जांच का आदेश

अम्बिकापुर। केंद्रीय जेल अंबिकापुर में बीते 5 दिन के भीतर 3 बंदियों की मौत का मामला सामने आया है। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने मामले में दांडिक जांच के आदेश जारी करते हुए डिप्टी कलेक्टर सीएस पैंकरा को जांच अधिकारी बनाया है।
केंद्रीय जेल अंबिकापुर में हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। वह काफी कमजोर व बुखार से पीडि़त था। इसके पूर्व हत्या तथा छेडख़ानी के मामले में जेल में बंद 2 बंदियों की मौत हो चुकी है। दोनों ही मौत संदिग्ध हैं। पहली मौत 5 दिन पहले छोटे लाल यादव की हुई थी। जिसमें छोटे लाल यादव के परिजनों ने आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया था और मारपीट से मौत होने की बात कही थी। इस मामले में अभी जांच पूरी भी नहीं हो पाई थी कि जेल में बंद एक और बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस मामले में बंदी विदेशी राम केवट के परिजन जेल के अंदर उसके साथ मारपीट होने का आरोप लगाया हैं। उल्लेखनीय है कि सेंट्रल जेल अंबिकापुर में रह रहे 2400 से अधिक बंदियों के लिए मात्र एक डॉक्टर ही नियुक्त है।




