रेलवे स्टेशन अंबिकापुर से गुम नाबालिग बालक रघुनाथपुर में बरामद, आरपीएफ को किया गया ,वहीं एमजी रोड से लापता बालक पढ़ाई के डर से घर में ही छुपा हुआ मिला

अंबिकापुर: । पुलिस ने अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से गुम हुए एक नाबालिग बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया है, साथ ही एक अन्य मामले में घर से ही गुम हुए बालक को भी कुछ ही घंटों में सकुशल ढूंढ निकाला है।
प्रकरण के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को थाना गांधीनगर में एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके नाबालिग बालक को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 137(2) बी.एन.एस. के तहत शून्य (0) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना हेतु डायरी आरपीएफ बिलासपुर को भेजी गई थी। डीआईजी और एसएसपी सरगुजा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार बच्चे की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान ग्राम गांझाडांड (थाना कोतवाली) के एक सतर्क ग्रामीण को यह बालक लावारिस हालत में मिला। ग्रामीण ने मानवता का परिचय देते हुए बच्चे को अपने पास सुरक्षित रखा और अपने स्तर पर परिजनों की काफी तलाश की। जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो वह अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्चे को चौकी रघुनाथपुर ले आया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
आरपीएफ टीम को सौंपा गया बालक
चौकी रघुनाथपुर पुलिस द्वारा बरामद किए गए नाबालिग बालक का मिलान अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से गुम हुए बालक के विवरण से किया गया। आरपीएफ टीम अंबिकापुर द्वारा इसकी पुष्टि करने के बाद, कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए बरामद नाबालिग बालक को सुरक्षित रूप से आरपीएफ टीम के सुपुर्द कर दिया गया है। सरगुजा पुलिस की इस त्वरित और समन्वित कार्रवाई से एक बार फिर साबित होता है कि पुलिस गुम बालकों के मामलों में कितनी संवेदनशील और गंभीर है।
दूसरा मामला: घर में ही छुपा मिला नाबालिग, सकुशल परिजनों को सौंपा
एक अन्य घटना में, थाना गांधीनगर क्षेत्र के एमजी रोड निवासी एक व्यक्ति ने थाने आकर सूचना दी कि उनका नाबालिग बालक दिनांक 20 जुलाई 2026 की रात लगभग 8:00 बजे अचानक बिना बताए घर से कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही थाना गांधीनगर पुलिस ने तुरंत गंभीरता दिखाते हुए तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने सूचक के घर की गहनता से जांच की, जहां वह नाबालिग बालक घर के अंदर ही छुपा हुआ मिला। पूछताछ के दौरान बच्चे ने बताया कि वह पढ़ाई से बचने के डर से घर में ही छुपकर रह रहा था। पुलिस ने राहत की सांस लेते हुए उस बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
सराहनीय भूमिका
इस संपूर्ण और सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरपीएफ प्रभारी अंबिकापुर निरीक्षक सुनीता मिंज, चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आर. एन. पटेल, कंट्रोल रूम के प्रधान आरक्षक गणेश कदम और आरक्षक उमेश खुटिया की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।





