कब्रिस्तान में तंत्र क्रिया का वायरल वीडियो, ताराकृत रेखाएं और जलती मोमबत्ती सहित नींबू-चाकू देख सहमे वार्डवासी…

लखनपुर । सरगुजा जिले के लखनपुर नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड क्रमांक 06 स्थित बोहिता तालाब कब्रिस्तान में तंत्र-मंत्र किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसने स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप मचा दिया है। कब्रिस्तान के भीतर जमीन पर बनाई गई ताराकृत रेखाओं के बीच कटे हुए नींबू, चाकू, जली हुई मोमबत्ती सहित अन्य तांत्रिक सामग्री बिखरी हुई पाई गई है। सुबह जब स्थानीय लोगों ने यह नजारा देखा तो पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया।
इस घटना के बाद से यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। सरगुजा जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में तंत्र-मंत्र का प्रचलन आज भी देखा जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि समाज का एक बड़ा हिस्सा अब भी अंधविश्वास के दायरे से मुक्त नहीं हो सका है। झाड़-फूंक और टोना-टोटका जैसी घटनाएं अक्सर सुनने को मिलती रहती हैं, और तंत्र-मंत्र में विश्वास रखने वाले लोग इस तरह की तांत्रिक क्रियाओं को अंजाम देकर आम जनमानस में डर पैदा कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान की जाए जो रात के अंधेरे में इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।





