दबंगई की इंतहाः JCB से ढहाया गरीब का आशियाना, बीच-बचाव करने आए सरपंच और BDC को भी बेरहमी से पीटा, दो गिरफ्तार

दबंगों ने कानून को ताक पर रखकर एक परिवार के ऊपर न केवल जानलेवा हमला किया, बल्कि JCB मशीन ले जाकर उनके आशियाने को भी जमींदोज कर दिया। ग्राम कुरकुंगा में हुई इस रूह कंपा देने वाली घटना में हमलावरों की क्रूरता यहीं नहीं रुकी; जब गांव के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि जैसे सरपंच और बीडीसी (BDC) बचाव करने पहुंचे, तो दबंगों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी जमकर मारपीट की। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है।
सोते हुए परिवार पर हमला और JCB से कुचलने का प्रयास
घटना की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी राजकुमार अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। तभी आरोपियों ने JCB मशीन के साथ धावा बोल दिया। प्रार्थी को बालों से खींचकर बाहर निकाला गया और लोहे के सब्बल व रॉड से उनके सीने और पीठ पर ताबड़तोड़ वार किए गए। प्रार्थी का आरोप है कि उसे जमीन पर गिराकर उसके ऊपर JCB चढ़ाने की भी कोशिश की गई। इस दौरान आरोपियों ने प्रार्थी के बेटे को भी लाठी-डंडों से लहूलुहान कर दिया और उनके प्रधानमंत्री आवास को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
जनप्रतिनिधियों के साथ भी अभद्र व्यवहार और मारपीट
जब गांव में चीख-पुकार मची, तो मौके पर सरपंच और बीडीसी सहित अन्य ग्रामीण बीच-बचाव करने पहुंचे। कानून और व्यवस्था की दुहाई देने के बावजूद, हमलावरों ने इन जनप्रतिनिधियों पर भी हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। दबंगों की इस हरकत से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस की सख्त कार्रवाई: दो आरोपी जेल भेजे गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नारायणपुर पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (190, 191, 296, 116(2), 351(3), 109, 324 और 331) के तहत जुर्म दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित दबिश देकर शंकर राम (65 वर्ष) और लूनेश्वर यादव (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।





