आधी रात को चौराहे पर तांत्रिक क्रिया: सिंदूर, नींबू और काले कपड़े देख अनहोनी की आशंका से सहमे लोग…

लखनपुर (सरगुजा): विज्ञान के इस दौर में भी समाज से अंधविश्वास की जड़ें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला नगर पंचायत लखनपुर के वार्ड क्रमांक 07 का है, जहाँ 20 जनवरी की आधी रात को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई तांत्रिक क्रिया ने पूरे मोहल्ले में दहशत फैला दी है।
सुबह देखते ही मचा हड़कंप
घटना का खुलासा तब हुआ जब अगले दिन सुबह लोग अपने कामों के लिए बाहर निकले। वार्ड के एक मुख्य चौराहे पर सड़क के बीचों-बीच चौक (ताराकृत निशान) पूर कर तांत्रिक क्रिया की गई थी। वहाँ भारी मात्रा में सिंदूर, टूटी हुई चूड़ियाँ, नींबू, सूखी मिर्च और काले कपड़े के टुकड़े बिखरे पड़े थे।
अनहोनी के डर से सहमे लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कृत्य आधी रात के सन्नाटे में किया गया है। चौराहे पर इन सामग्रियों को देख मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग इसे किसी परिवार पर संकट लाने या अनिष्ट करने की नीयत से किया गया टोना-टोटका मान रहे हैं। वार्ड वासियों के मन में किसी बड़ी अनहोनी का डर बैठ गया है।
चर्चा का विषय बनी घटना
सरगुजा जैसे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में झाड़-फूंक और टोटकों पर लोगों का विश्वास आज भी कायम है। शहर के बीचों-बीच इस तरह की घटना होना सुरक्षा और जागरूकता दोनों पर सवाल खड़े करती है। फिलहाल इस तांत्रिक क्रिया को किसने और क्यों अंजाम दिया, यह रहस्य बना हुआ है, लेकिन इस घटना ने पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।






