बलरामपुर

छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर नक्सली मुठभेड़ के बाद बंकर छोड़ कर भागे नक्सली…चाइनीस ग्रेनेड समेत 106 लैंडमाइंस बरामद

झारखंड और छत्तीसगढ़ की बोर्डर से सटे बूढ़ा पहाड़ पर सोमवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच लगभग चार घंटे तक एनकाउंटर हुई। दोनों ओर से घंटो हुई गोलीबारी की आवाज बूढ़ा पहाड़ से सटे कुजरूम गांव तक सुनाई पड़ी। फायरिंग के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के एक बंकर को ध्वस्त कर दिया। इस बंकर से काफी मात्रा में सुरक्षाबलों को चाइनीज ग्रेनेड सहित 106 से अधिक अलग-अलग तरह के लैंडमाइंस और 350 से अधिक गोलियां मिली हैं। नक्सलियों ने सामान बंकर में छिपाकर रखा था। नक्सलियों के हथियार एवं खाने-पीने का सामान बरामद किया गया है।

झारखंड-छत्तीसगढ़ बोर्डर पर है बूढ़ा पहाड़

झारखंड-छत्तीसगढ़ बोर्डर पर स्थित बूढ़ा पहाड़ का क्षेत्र 55 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। बूढ़ा पहाड़ झारखंड के लातेहार और गढ़वा तथा छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से सटा एरिया है जो माओवादियों का सुरक्षित ठिकाना रहा है। बूढ़ा पहाड़ को माओवादियों से मुक्त कराना सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती है। माओवादियों ने वर्ष 2013-14 में बूढ़ा पहाड़ को अपना हेडक्वार्टर बनाया था। मारे जा चुके एक करोड़ के इनामी माओवादी कमांडर अरविंद ने बूढ़ा पहाड़ को अपना मजबूत ठिकाना बनाया था। वर्ष 2018 में बूढ़ा पहाड़ पर एक करोड़ के इनामी माओवादी अरविंद की मौत के बाद से माओवादी कमजोर होने लगे। अरविंद की मौत के बाद सुधारकरण और उसकी पत्नी को बूढ़ा पहाड़ का प्रभारी बनाया गया था। सुधारकरण ने दो वर्ष पूर्व तेलंगाना में पूरी टीम के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। सुधारकरण के आत्मसमर्पण के बाद बूढ़ा पहाड़ पर माओवादियों को कोई बड़ा कमांडर नहीं मिल पाया। बाद में एक दर्जन अन्य कमांडरों ने धीरे-धीरे आत्मसमर्पण कर दिया। अब पूरी तरह इलाके को नक्सलमुक्त कराने के लिए सुरक्षाबल के जवान पूरी ताकत से लगे हुए हैं।

सुरक्षाबलों द्वारा नक्सलियों के ध्वस्त किए गए बंकर से मिले सामान

एक चाइनीज सिलेंडर ग्रेनेड, 35 चाइनीज ग्रेनेड, 3 चाइनीज कोन ग्रेनेड, 10 किग्रा के दो सिलेंडर बम, तीन किलो की 11 लैंडमाइन, दो किलो की सात लैंडमाइंस, एक किलो की छह लैंडमाइंस, पांच टीफिन बम, एक प्रेशर कुकर बम, 25 तीर बम, दो किलो अमोनियम नाइट्रेट, दो किलो यूरिया, अद्र्धनिर्मित बैरल ग्रेनेड लांचर, ड्रिल मशीन, 20 फीट अल्मुनियम सीट, पांच किलो नट बोल्ट, हैंडपंप सिलेंडर, एसएलआर की 350 गोलियां, 16 केन लैंडमाइंस, 3 प्रेशर लैंडमाइंस, 500 मीटर कोडेक्स वायर मिले हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button