जशपुर

यूपी जा रही टोयोटा इलियट कार कार से 113 किलो गांजा बरामद…

जशपुर। नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए रायगढ़ और जशपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक कार से 112 किलो 770 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश और बिहार के दो तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना का विवरण इस प्रकार है कि 12 अप्रैल को रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टोयोटा इलियट कार क्रमांक डीएल-3सीबी-5298 में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर ओडिशा के संबलपुर से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। लैलूंगा पुलिस ने संदिग्ध वाहन का पीछा करना शुरू किया और इसकी सूचना जशपुर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस ने पुरानी बस्ती के पास मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी। दोपहर करीब 2 बजे जब संदिग्ध कार वहां पहुंची, तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर कार चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। जशपुर पुलिस ने तत्काल कार का पीछा किया, जिसके बाद तस्करों की कार अनियंत्रित होकर एक नाले के गड्ढे में फंस गई। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार सवार दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 7 प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों में खाखी रंग की टेप से लिपटे हुए कुल 108 पैकेट मिले, जिनका वजन 112 किलो 770 ग्राम (लगभग 113 किलो) पाया गया। बाजार में इस गांजे की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है, जिसकी कुल कीमत 56 लाख रुपये आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान संजीव कुमार नट (निवासी इटावा, उत्तर प्रदेश) और विजय पंडित (निवासी वैशाली, बिहार, वर्तमान पता लोनावाला पुणे) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस खेप को उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना पत्थलगांव में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस पूरी कार्रवाई में पत्थलगांव थाना प्रभारी विनीत कुमार पांडे और लैलूंगा पुलिस की टीम की प्रमुख भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button