महामाया मंदिर गेट के पास महिला की हत्या: मृतिका की हुई पहचान, संदेही पांडा उर्फ मिथुन की तलाश में जुटी पुलिस


अंबिकापुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित महामाया मंदिर गेट के समीप सद्भावना चौक के पास एक मछली डिपो के झाले में महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मृतिका की पहचान और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल सहित कुल चार विशेष टीमों का गठन किया है।
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के बाद मृतिका की पहचान कर ली गई है, जिसकी पुष्टि परिजनों ने भी कर दी है। अग्रिम कार्यवाही के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में मृतिका एक व्यक्ति के साथ जाती हुई दिखाई दे रही है, जिसकी पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के बाद संदेही ने एक अन्य घुमंतू महिला से तंबाकू मांगा था। परिजनों ने भी संदेही की पहचान की है और बताया कि उसका मृतिका के साथ आना-जाना था।
घटना के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी के संबंध में कोई भी पुख्ता जानकारी मिले तो तत्काल थाना कोतवाली के नंबर 9479193508 या कंट्रोल रूम अंबिकापुर के नंबर 9479193599 पर सूचित करें।



