छत्तीसगढ़

पश्चिम एशिया संकट पर मुख्यमंत्री की समीक्षा: कालाबाजारी रोकने टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 जारी, 3841 सिलेंडर जब्त और 97 एफआईआर दर्ज

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पश्चिम एशिया में उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर राजधानी रायपुर स्थित निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी संभागायुक्तों, आईजी, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी गैस और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि देश हर चुनौती का सामना करने के लिए सक्षम है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आम जनता की सुविधा और सही जानकारी साझा करने के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसके टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर कॉल करके तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम बनाकर प्रभारी सचिव व कलेक्टर इसकी सतत समीक्षा करें। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पेट्रोलियम पदार्थों के परिवहन में कोई बाधा नहीं है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों, छात्रावासों, रेलवे और सैन्य संस्थानों जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर गैस की आपूर्ति निर्बाध बनी रहनी चाहिए। साथ ही, पेट्रोल-डीजल को कंटेनरों में आम जनता को देने पर रोक लगाने और केवल अधिकृत संस्थानों को ही इसकी अनुमति देने की बात कही।
कालाबाजारी के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए बैठक में बताया गया कि अब तक प्रदेश भर में 335 स्थानों पर छापेमारी की गई है। इस दौरान जमाखोरी के आरोप में 3841 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 97 एफआईआर दर्ज की गई हैं। मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती चेक पोस्टों पर विशेष सतर्कता बरतने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखा जाए ताकि जनता तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके और भय की स्थिति निर्मित न हो।
किसानों के हितों का ध्यान रखते हुए मुख्यमंत्री ने उर्वरकों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है। विष्णु देव साय ने खाद की होल्डिंग पर कड़ाई से रोक लगाने और दैनिक स्टॉक की सॉफ्टवेयर आधारित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए ताकि सभी किसानों को उनकी आवश्यकतानुसार खाद प्राप्त हो सके। बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि गैस सिलेंडर की बुकिंग सामान्य रूप से चल रही है और उज्ज्वला व सामान्य कनेक्शन के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button