जशपुर

जादू-टोने के शक में महिला की रोंगटे खड़े कर देने वाली हत्या, पति और सौतन समेत 4 गिरफ्तार

जशपुर । छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अंधविश्वास और आपसी रंजिश के चलते एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। थाना सन्ना के ग्राम गट्टी महुवा में एक 48 वर्षीय महिला, गोईदी बाई की उसके ही करीबियों ने मिलकर निर्मम हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका के पति ठूपन राम (45 वर्ष), उसकी सौतन फुला बाई (48 वर्ष), और रिश्तेदार दंपत्ति सुनील राम (23 वर्ष) व सुरन्ती बाई (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने न केवल महिला को मौत के घाट उतारा, बल्कि उसके गुप्तांग में लकड़ी का डंडा डालकर अमानवीय क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं।

अंधविश्वास और रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ कि मृतिका की मौत कठोर वस्तु से गुप्तांग में पहुंचाई गई गंभीर चोट के कारण हुई है। पूछताछ के दौरान पता चला कि घटना वाले दिन (05 मार्च) मृतिका का अपनी सौतन फुला बाई के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद, जब मृतिका कुएं की ओर जा रही थी, तब उसके पति ठूपन राम ने उसे बहला-फुसलाकर खेत की एक झोपड़ी में बुलाया। वहां आरोपी सुनील राम और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई पहले से मौजूद थे।
झोपड़ी में चारों आरोपियों ने मिलकर हड़िया (स्थानीय शराब) पी, जिसके दौरान सुनील राम ने मृतिका पर ‘जादू-टोना’ करने का आरोप लगाया। सुनील का मानना था कि उसके घर में संतान न होने और उसके पिता को कैंसर होने के पीछे गोईदी बाई का जादू-टोना ही जिम्मेदार है।

दरिंदगी की इंतिहा और साक्ष्य छिपाने की कोशिश

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुनील राम ने मृतिका के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया, जबकि पति ठूपन राम और सौतन फुला बाई ने उसके हाथ-पैर मजबूती से दबाए रखे। इसके बाद सुरन्ती बाई के उकसाने पर, सुनील और सुरन्ती ने मिलकर लकड़ी के डंडे से मृतिका के गुप्तांग पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को प्राकृतिक मौत का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को घर लाकर बिस्तर पर लिटा दिया और ऊपर से कंबल डाल दिया।
सन्ना थाना पुलिस ने प्रार्थी सहलू राम की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। संदेह के आधार पर जब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा जप्त कर लिया है। थाना प्रभारी संतोष सिंह, एएसआई सिरद साय, महिला प्रधान आरक्षक पुन्नी यादव और आरक्षक प्रवीण सिंह की टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button